ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। मां भीमाकाली मंदिर सराहन हजारों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। देश-विदेश से श्रद्धालु मां के दर हाजिरी भरकर आशीर्वाद लेने पहुंचते हैं। इन दिनों भीमाकाली मंदिर न्यास शरद नवरात्रों की तैयारियों में जुट गया है। मां भीमाकाली माता के लिए नए वस्त्र तैयार करवाए जा रहे हैं। हर वर्ष शरद नवरात्रों में माता को नए वस्त्र पहनाए जाते हैं। मंदिर को सजाने की योजना बनाई जा रही है। मंदिर को फूल-मालाओं और झंडियों से सजाया जाएगा। हालांकि, कोरोना महामारी के चलते इस वर्ष नवरात्रों में पहले जैसे आयोजन नहीं होंगे।
माता के मंदिर में नौ दिन तक कोरोना नियमों के पालन के साथ दुर्गा पाठ भी करवाए जाएंगे। भीमाकाली माता मंदिर में हर वर्ष मंदिर न्यास और पूजा कमेटी की ओर से अलग-अलग दुर्गा पाठ करवाए जाते थे। इस बार कोरोना के कारण मंदिर न्यास और लोकल पूजा कमेटी ने मिलकर एक साथ दुर्गा पाठ करवाने का फैसला लिया है। वहीं, मंदिर न्यास नवरात्रों में लगने वाले भंडारों से भी परहेज करेगा। इसके कारण इस मर्तबा के नवरात्रों में मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ कम रहेगी।
भीमाकाली मंदिर न्यास उपाध्यक्ष एवं एसडीएम सुरेंद्र मोहन ने बताया कि नवरात्रों के दौरान मंदिरों के लिए बने कोरोना नियमों के अनुसार ही दर्शन करवाएं जाएंगे। माता के लिए नए वस्त्र भी तैयार किए जा रहे हैं। नवरात्रों से पहले मंदिर की सजावट भी करवाई जाएगी।