कन्या स्कूल रामपुर में धूमधाम से मनाया वार्षिक वितरण समारोह
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर में शनिवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह मनाया गया। समारोह में राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं विधायक नंद लाल मुख्यातिथि रहे। उनकी पत्नी सत्या देवी और पीयूष आनंद विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यातिथि ने दीप प्रज्ज्वलित और छात्राओं की सरस्वती वंदना प्रस्तुतियों से हुआ। मुख्यातिथि ने साल भर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। स्कूल की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पेश कर वाहवाही लूटी। छात्राओं ने कुल्लवी, किन्नौरी, पंजाबी, पहाड़ी और गुजराती गीतों पर प्रस्तुति दी। मुख्यातिथि ने क्लस्टर विद्यालयों के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक पाठशाला खोपड़ी और डकोलढ़ के विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया। मुख्यातिथि ने कहा कि वर्तमान सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है, जिससे सरकारी स्कूलों में अध्ययनरत बच्चे भी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें। अभिभावकों से बेटियों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यालय में विभिन्न गतिविधियों के लिए 50,000 रुपये की राशि प्रदान करने की घोषणा की।
प्रधानाचार्या जयंती धीमान ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस मौके पर राजीव ठाकुर, सरोजनी, सुदेश कायत, अभिभावक, अध्यापक और छात्राएं उपस्थित रहीं।