जिला स्तरीय शहनाई वादन प्रतियोगिता का होगा आयोजन, विजेता युगल प्रतिभागी को मिलेगा 50 हजार रुपये इनाम
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव-2024 में इस वर्ष जिला स्तरीय पारंपरिक शहनाई वादन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। 30 अक्तूबर से दो नवंबर तक महोत्सव का आयोजन होगा। उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने बताया कि राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी के निर्देशानुसार इस वर्ष जनजातीय जिला किन्नौर की समृद्ध संस्कृति को संजोये रखने और इसे बढ़ावा देने के लिए किन्नौर की पारंपरिक शहनाई वादन प्रतियोगिता के आयोजन का निर्णय लिया है। इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिभागी किन्नौर जिला का मूल निवासी होना चाहिए और शहनाई वादन प्रतियोगिता युगल में आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को 3 से 5 मिनट का समय दिया जाएगा, जिसमें प्रतिभागी को निर्धारित समय में दो धुनों का वादन करना होगा। प्रतिभागी को एक धुन किन्नौर जिला की प्राचीन पारंपरिक संस्कृति जैसे त्योहारों, शादी, देवी-देवताओं के उपलक्ष्य पर बजने वाली धुन का वादन करना होगा और एक ऐच्छिक संगीत पर वादन करना होगा। उपायुक्त ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले युगल प्रतिभागी को 50 हजार रुपये, द्वितीय को 30 हजार रुपये और तृतीय प्रतिभागी को 20 हजार रुपये की राशि प्रदान की जाएगी।
मिस किन्नौर-2024 प्रतियोगिता का भी होगा आयोजन
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागी अपना आवेदन 26 अक्तूबर तक जिला भाषा अधिकारी कार्यालय में जमा करवा सकते हैं या ई-मेल dlokinnaurgmail.com पर 26 अक्तूबर तक भेज सकते हैं। उपायुक्त ने बताया कि हर वर्ष की भांति किन्नौर जिला की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए पारंपरिक वाद्ययंत्र, लोकनृत्य और प्राचीन लोकगीत प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा मिस किन्नौर-2024 प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। इसके लिए प्रतिभागी किन्नौर जिला का मूल निवासी होना अनिवार्य है।