संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। फल मंडी खड़ापत्थर में सेब के एक आढ़ती ने खरीद के बाद सेब का भुगतान न करने पर लदानी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस को दी लिखित शिकायत में आरोप लगाया कि सेब की खरीद के बाद लदानी ने 65 लाख 41 हजार रुपये की राशि का भुगतान करने से मना कर रहा है। फल मंडी खड़ापत्थर में सेब का कारोबार करने वाले आढ़ती रोहड़ू के झड़ग के गांव बराल के संदीप कालटा ने पुलिस थाना जुब्बल में दी शिकायत में बताया कि फल मंडी खड़ापत्थर और फल मंडी रोहड़ू में उनका सेब की आढ़त का काम है। उन्होंने नफीस मोहम्मद को सेब अपनी आढ़त से बेचा है। इसकी उत्तर प्रदेश के गोंडा में मोहम्मद सगीर रायनी सी-57 फल मंडी गोंडा नाम की दुकान है। उन्होंने साल 2021, 2022 और 2023 में इसके साथ 1,78,52,590 रुपये का कारोबार किया। सगीर रायनी एंड कंपनी ने केवल 1,13,11,000 रुपये का भुगतान किया और बाकी बची 65,41,590 रुपये अभी भी उसके पास बकाया है। अब बकाया राशि का नफीस मोहम्मद और उसका भाई सगीर भुगतान नहीं कर रहे हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी रोहडू रविंद्र नेगी ने बताया कि आढ़ती संदीप कालटा की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा जांच के बाद पुलिस आगामी कार्रवाई करेगी।