रामपुर उपमंडल के सराग मेला मैदान में पहुंचे देवताओं ने दिया लोगों को आशीर्वाद।
- फोटो : RAMPUR-HP
रामपुर बुशहर। देवी-देवताओं के आगमन से बुधवार को ऐतिहासिक सराग मेले का आगाज हुआ। मेले का विधिवत शुभारंभ दत्त महाराज बसाहरा ने किया। इस दौरान मेले देखने के लिए जिले भर से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। मेले में जिला कुल्लू से माता बाड़ी देवी साहिबा, महारुद्र गसो, राय नाग करतोट और लक्ष्मी नारायण मझेवली ने भी शिरकत की। मेले में दिनभर देवलुओं के साथ स्थानीय लोग वाद्ययंत्रों की धुनों पर झूमे।
इस दौरान लोगों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर नाटी डाली। लोगों ने देवी-देवताओं से सुख, शांति और समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। इस दौरान देव नृत्य सबके आकर्षण का केंद्र रहा। मेले के उपलक्ष्य पर सराग मेला मैदान कमेटी ने भंडारे का आयोजन भी किया गया। इस मौके पर सराग मेला मैदान कमेटी अध्यक्ष रिपु दमन, उपप्रधान सुनील ठाकुर, सचिव ओम प्रकाश नेगी, कोषाध्यक्ष तिलक राज शर्मा, सलाहकार गोविंद शर्मा, प्रीतम ठाकुर, विनोद चौहान, प्रीतम, मंदिर कमेटी मोहतमीन शिव सिंह ठाकुर और बिहारी सहित कई अन्य मौजूद रहे।