रामपुर बुशहर। पंचायत समिति अध्यक्ष रामपुर राजेंद्र ठाकुर ने आधे अधूरे स्पोर्ट्स हॉस्टल के उद्घाटन को लेकर कई सवाल उठाए हैं। ठाकुर ने पहले खेल छात्रावास का निर्माण कार्य पूरा करने और उसके बाद ही इसे शुरू करने की सरकार से मांग की है।
गौर हो कि रामपुर के दत्तनगर में 7.44 करोड़ रुपये की लागत से खेल छात्रावास का निर्माण किया जा रहा है। पंचायत समिति अध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि सरकार ने 21 जुलाई को खेल छात्रावास का ऑनलाइन उद्घाटन रखा है लेकिन इस हॉस्टल का काम अधूरे पड़ा है। उन्होंने कहा कि उद्घाटन के बाद यह हॉस्टल लोक निर्माण विभाग से युवा एवं खेल विभाग को सौंपा जाएगा। जिस तरह से इस हॉस्टल का कार्य अधूरा पड़ा है, उसे कौन पूरा करेगा। अभी इस हॉस्टल में बिजली और पानी की सुविधा तक नहीं है। इतना ही नहीं भवन के भीतर मुलभूत सुविधाओं की कमी है। खिड़कियां टूटी हुई है। यहां तक कि इस हॉस्टल में अभी तक सेप्टिक टैंक तक नहीं बना है। ऐसे में इस हॉस्टल का उद्घाटन करना जल्दबाजी होगी। अगर ऐसे ही आधे अधूरे में इस हॉस्टल का उद्घाटन होगा तो आने वाले समय में करोड़ों का भवन किसी काम का नहीं रहेगा। उन्होंने सरकार से सभी व्यवस्थाओं के बाद ही इसका शुभारंभ करने की मांग की है।