स्मार्ट यूनिफार्म पहनकर स्कूल जाते सरकारी स्कूल के छात्र और छात्राएं
- फोटो : RAMPUR-HP
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। रामपुर के सरकारी स्कूलों में आठवीं कक्षा से ऊपर की कक्षाओं के विद्यार्थियों ने स्मार्ट वर्दी पहननी शुरू कर दी है। हालांकि प्राइमरी और अपर प्राइमरी के छात्रों को अभी स्मार्ट वर्दी पहनने के लिए इंतजार करना पड़ेगा। सीनियर सेकेंडरी स्कूल ज्यूरी के छात्रों ने स्मार्ट वर्दी पहननी शुरू कर दी है। बच्चे इस नई वर्दी को लेकर काफी उत्साहित हैं।
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम से सरकारी स्कूलों में गरीब छात्रों को नए और आकर्षक डिजाइन में ये वर्दी दी जा रही है। फिलहाल प्राथमिक शिक्षा खंड सराहन के 116 प्राइमरी और अपर प्राइमरी के करीब चार हजार तीन सौ विद्यार्थी इस वर्दी के इंतजार में हैं। ये वर्दियां सराहन खंड के साथ-साथ दूसरे खंडों में अभी नहीं आई हैं।
वहीं सीनियर सेकेंडरी स्कूल ज्यूरी के छात्र अंकित, विकास, श्रेया, शिवानी, हिमानी, शालिनी, सुमन और प्रीति ने स्मार्ट वर्दी की सराहना की। उन्होंने बताया कि वर्दी का रंग और गुणवत्ता अच्छी है। वहीं, सीनियर सेकेंडरी स्कूल ज्यूरी की प्रधानाचार्य जसवंती नेगी के अनुसार बड़ी कक्षाओं के विद्यार्थियों को वर्दी बांट दी गई है। कई छात्रों ने तैयार करके उन्हें पहनना भी शुरू कर दिया है। इस संबंध में प्राथमिक शिक्षा खंड सराहन के बीपीओ वीरेंद्र शर्मा और बीआरसी ओम प्रकाश ने बताया कि उनके पास सैंपल और सप्लाई आई थी, जिनका मिलान हो गया। उसके बाद उन्होंने सिफारिश सरकार को भी भेज दी है।