रूट्स कंट्री स्कूल बाघी में शिमला जिला स्वीमिंग चैंपियनशिप
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग/कोटखाई। रूट्स कंट्री स्कूल बाघी में रविवार को शिमला जिला स्वीमिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। चैंपियनशिप की अध्यक्षता रूट्स कंट्री स्कूल बाघी के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं शिमला स्विमिंग एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष सुनील रौठा ने की। बतौर मुख्यतिथि हिमाचल प्रदेश स्वीमिंग एसोसिएशन के राज्य महासचिव इशान अख्तर पहुंचे।
स्वीमिंग एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष सुनील रौठा और जिला महासचिव जगमोहन शर्मा ने राज्य महासचिव इशान अख्तर को हिमाचली टोपी, शॉल और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस दौरान इशान अख्तर ने कहा कि खेल हमारे जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा होते हैं, जो हमारे शारीरिक और मानसिक विकास में मदद करते हैं। खेल हमें अनुशासन, संघर्ष, और टीमवर्क की भावना सिखाते हैं। खेल कल्पनाशीलता और सृजनात्मक को बढ़ावा देता है। शिमला जिला स्विमिंग एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष सुनील रौठा एवं जिला महासचिव जगमोहन शर्मा ने बताया कि चैंपियनशिप के दौरान सब जूनियर, जूनियर ,सीनियर पुरुष एवं महिला वर्ग की चैंपियनशिप में लगभग 30 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले आगामी जुलाई माह में राज्य स्तरीय स्वीमिंग चैंपियनशिप में भाग लेंगे। इस मौके पर शिमला जिला स्विमिंग एसोसिएशन के पदाधिकारी अनिल शर्मा, रश्मि ठाकुर नताशा नेगी , प्रभा कैंथल, स्कूल के प्रधानाचार्य कृति रौठा, स्विमिंग कोच एवं अध्यापक मौजूद रहे। संध्याकालीन सत्र में समापन अवसर पर हिमाचल प्रदेश स्विमिंग एसोसिएशन के राज्य उपाध्यक्ष राकेश कुमार वालिया शिरकत करेंगे और विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे।