. वीरवार शाम 5:00 बजे से बिजली आपूर्ति ठप होने से लोग परेशान
. कर्मचारियों की कमी, ग्रामीणों पर पड़ रही भारी
संवाद न्यूज एजेंसी
ननखड़ी (रामपुर बुशहर)।
तहसील ननखड़ी की सात पंचायतों में दो दिन से बिजली नहीं है। हजारों लोग परेशान हैं। वहीं, बच्चों की वार्षिक परीक्षाएं चल रही हैं। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ननखड़ी की खोलीघाट, जाहु, खड़ाहण, गाहण, अड्डू, बगलती और खुनी पनोली में वीरवार शाम 5:00 बजे से बिजली आपूर्ति ठप है। ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में सर्दियों में बर्फ पड़ने पर विद्युत आपूर्ति की बड़ी दिक्कत रहती थी। पहले बिजली की लाइन जरोल टिकर से रई बाहली के लिए थी और भारी बर्फबारी होने के कारण लाइन सर्दियों में टूट जाती थी और कई दिनों तक बिजली ठप रहती थी। इसके बाद ग्रामीणों ने सरकार के समक्ष दूसरी लाइन से जोड़ने की मांग रखी। अब इस क्षेत्र को नीरथ से खड़ाहण के लिए नई लाइन जोड़ी गई है। खड़ाहण में नया सबस्टेशन बना दिया गया है। सबस्टेशन बनने के बाद भी सात पंचायत के ग्रामीणों को फिर भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। परिवर्तन शिक्षा विकास संस्था के अध्यक्ष राजेश खुंद, गगन ठाकुर, संजीव कुमार, संतोष कुमार, लव कुमार, सुलाक्षर, रमेश कुमार और सोहन लाल सहित अन्य ग्रामीणों ने विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग उठाई है।
स्टाफ की कमी होने के चलते यह समस्या आ रही है। खड़ाहण सबस्टेशन में एक भी स्टाफ नहीं है। अस्थायी तौर पर ननखड़ी से एक कर्मी को नियुक्त किया गया है, जो सुबह 9:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक ही अपनी सेवा देता है।
प्रमोद चौहान, सहायक अभियंता, विद्युत बोर्ड ननखड़ी