रामपुर मझाली सडक़ सेरीपुल के समीप धंसी वाहनों की आवाजाही हुई प्रभावित। संवाद
शाम पांच बजे यातायात के लिए बहाल हुई सड़क, बागवान चिंतित-सेब सीजन सिर पर, कैसे मंडी पहुंचाए सेब
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर उपमंडल की चार पंचायतों के हजारों किसान-बागवानों की दुश्वारियां फिर से बढ़ने लगी हैं। वीरवार को तकलेच देवठी मार्ग पर सेरीपुल के पास फिर सड़क धंस गई। ऐसे में चार पंचायतों के हजारों ग्रामीणों को आवाजाही करने में परेशानियां झेलनी पड़ीं। हालांकि, शाम पांच बजे तक सड़क यातायात के लिए बहाल हो गई, लेकिन समस्या का पूरी तरह समाधान नहीं हो सका है। सेरीपुल में सड़क धंसने का सिलसिला बीते कई वर्षों से चला आ रहा है। सबसे अधिक परेशानियां बरसात के मौसम में पेश आती हैं, लेकिन अब तक इस सड़क को दुरुस्त रखने का कोई भी स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। वीरवार को फिर से यह सड़क धंस गई। इस कारण उपमंडल की कूहल, देवठी, काशापाट और मुनिश पंचायत का संपर्क कट गया। दिन भर लोग परेशानियां झेलते रहे। हालांकि, मौके पर लोक निर्माण विभाग ने मशीन भी तैनात की, लेकिन लगातार सड़क धंसने से वाहनों की आवाजाही खतरों भरी बनी हुई है। खासकर, फसलों से लदे वाहनों और बसों को खासी परेशानियां झेलनी पड़ती हैं। क्षेत्र में जल्द ही सेब सीजन शुरू होने वाला है, लेकिन मार्ग धंसने का सिलसिला लगातार जारी है। वीरवार शाम को सेरीपुल में बाधित हुई सड़क यातायात के लिए बहाल हुई। मार्ग बहाली के बाद क्षेत्र में फंसी निगम की बसों की आवाजाही शुरू हो पाई। हजारों ग्रामीणों ने मार्ग बहाल होने के बाद राहत की सांस ली। उधर, लोक निर्माण विभाग तकलेच के सहायक अभियंता शोभा राम ने कहा कि सेरीपुल में वीरवार सुबह सड़क धंसने से यातायात बाधित हो गया था, जिसे शाम पांच बजे बहाल कर दिया गया है।
समेज में आठवें दिन भी सर्च ऑपरेशन जारी, नहीं मिला कोई शव
बाढ़ प्रभावित समेज कस्बे में वीरवार को आपदा के आठवें दिन भी सर्च ऑपरेशन जारी रहा। लगातार आठ दिन की खोदाई के बाद भी क्षेत्र में एक भी लापता व्यक्ति नहीं मिल पाया है। प्रशासन और रेस्क्यू दल के जवान लगातार आपदा प्रभावित क्षेत्र में खुदाई कर लापता लोगों को ढूंढ रहे हैं। अधिकतर इलाके की खोदाई का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। जिला प्रशासन ने भी आपदाग्रस्त इलाके में प्रभावित की मांग के अनुरूप सर्च ऑपरेशन जारी रखने का निर्णय लिया है। आपदाग्रस्त इलाके के साथ-साथ सतलुज नदी किनारे भी लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान तेज कर लिया गया है। रेस्क्यू दल के सैकड़ों जवान और एक दर्जन के करीब मशीनें लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई है। एसडीएम रामपुर निशांत तोमर ने बताया कि वीरवार को आठवें दिन सर्च ऑपरेशन जारी रहा, लेकिन बाढ़ प्रभावित समेज में किसी भी लापता का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। प्रशासन की ओर से आपदा प्रभावितों को हर संभव मदद दी जा रही है।