रामपुर बुशहर। रामपुर नगर परिषद के वार्ड नंबर-9 खनेरी के पास वीरवार शाम को सतलुज नदी में डूबे छात्रों का तीसरे दिन शनिवार को भी कोई सुराग नहीं लगा। लापता छात्रों की तलाश में शनिवार को दिनभर सर्च ऑपरेशन चलता रहा। शनिवार को उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी और स्थानीय विधायक नंदलाल ने भी सर्च ऑपरेशन का जायजा लिया। रविवार को विशेषज्ञ गोताखोरों की टीम सतलुज नदी में डूबे छात्रों की तलाश करेगी।
गौर हो कि वीरवार शाम को खनेरी के पास सतलुज नदी के किनारे खेलते समय 14 वर्षीय दो छात्र सतलुज नदी में डूब गए थे। मानव शर्मा और अंशुल मिष्टू के कपड़े सतलुज नदी के किनारे बरामद हुए थे। लापता छात्रों की तलाश में शनिवार सुबह फिर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। इसमें एनडीआरएफ जवानों, प्रशासन, पुलिस, होमगार्ड और छात्रों के अभिभावकों ने सतलुज नदी के किनारे लापता छात्रों की तलाश की। स्थानीय प्रशासन ने अब लापता छात्रों की तलाश के लिए विशेष गोताखोरों का दल बुलाया है।
यह दल रविवार से सतलुज नदी में छात्रों की तलाश करेगा। शनिवार को उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने जायजा लेते हुए सर्च ऑपरेशन में जुटी टीम को जल्द छात्रों की तलाश के निर्देश दिए। नदी का जलस्तर कम होने के बावजूद भी लापता छात्रों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। एसडीएम रामपुर सुरेंद्र मोहन ने बताया कि सतलुज नदी में डूबे छात्रों को तलाश के लिए शनिवार को दिनभर सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है। रविवार को विशेष गोताखोरों का दल उनकी सतलुज नदी में तलाश करेगा।