17 अप्रैल को फ्रेंचाइजी सेरेमनी, खिलाड़ियों की होगी नीलामी
युवाओं को मिलेगा बड़ा प्लेटफॉर्म
दूधिया रोशनी में आयोजित की जाएगी प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। आईपीएल की तर्ज पर रोहड़ू में भी आरपीएल (रोहड़ू प्रीमियर लीग) क्रिकेट स्पर्धा का आयोजन किया जाएगा। 17 अप्रैल को आरपीएल की फ्रेंचाइजी सेरेमनी आयोजित की जाएगी। संजीवनी सहारा समिति की ओर से स्थानीय युवाओं का मनोबल बढ़ाने और उन्हें प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आईपीएल की तर्ज पर इस क्रिकेट स्पर्धा का आयोजन किया जा रहा है।
प्रतियोगिता में आठ टीमें शामिल की गई हैं। सेरेमनी में इन टीमों के फ्रेंचाइजी मालिकों का स्वागत किया जाएगा। इसमें फ्रेंड्स क्लब मंडलगढ़, क्लब 90, हिमालय बॉयज रोहड़ू, सीएसके वरदान पैंथर्स, चांशल वॉरियर्स छौहारा, रनसार रॉयल्स, सीएमसी खशधार (खोष) और पवासी 11 छौहारा की टीमें शामिल हैं। टीमों में भाग लेने के लिए क्षेत्र के सैकड़ों खिलाड़ियों ने अपना पंजीकरण करवाया है। फ्रेंचाइजी सेरेमनी में खिलाड़ियों की नीलामी उनकी खेल प्रतिभा के आधार पर की जाएगी।
समिति के अध्यक्ष गोपाल चौहान ने बताया कि समिति क्षेत्र के प्रतिभावान खिलाड़ियों के लिए मिनी आईपीएल का आयोजन कर रही है। यह स्पर्धा दूधिया रोशनी में आयोजित की जाएगी। इसका निर्णय समिति की कार्यकारिणी की मासिक बैठक में लिया गया है।
इस मौके पर उपाध्यक्ष प्रेम ठाकुर, उपाध्यक्ष बंटी ठाकुर, कार्यकारी महासचिव सागर राठौर, कोषाध्यक्ष हरविंद्र वालिया, सचिव हरनाम चौहान, सह सचिव संजू डंडा, मीडिया प्रभारी दिग्विजय रोनी, शिवानी ठाकुर, अजीत सिंह कायत और धर्मेंद्र मिडकवान सहित अन्य उपस्थित रहे।