उपायुक्त शिमला ने जारी की राशि, 37 सड़कों की होगी मरम्मत
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। उपमंडल रामपुर की आपदा से प्रभावित पंचायतों की सड़कों का 30 लाख रुपये से सुधार होगा। उपायुक्त ने इसके लिए बजट जारी कर दिया है। बजट से 37 एंबुलेंस योग्य सड़कें और गांवों को जोड़ने वाली सड़कों की मरम्मत होगी। बरसात ने रामपुर उपमंडल में इस साल काफी तबाही मचाई है। विकास खंड की 37 पंचायतों में आपदा से करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। सबसे अधिक क्षति ग्रामीण सड़कों को पहुंची है। खासकर, एंबुलेंस योग्य सड़कें और गांवों को जोड़ने वाली सड़कें कई जगह से धंस गई हैं। डंगे भी गिर गए हैं। सड़कों के बंद होने से किसान, बागवान, स्कूली बच्चे, कर्मचारी और मरीज परेशानी झेल रहे हैं। अब सड़कों की मरम्मत के लिए जिला प्रशासन ने 30 लाख रुपये की राशि जारी की है। इस साल जून से बरसात का दौर शुरू हो गया था, जो सितंबर तक चलता रहा। भारी बारिश के कारण ग्रामीण इलाकों की सड़कों, रास्तों, निजी भूमि और सरकारी संपत्तियों को खासी क्षति पहुंची है। करीब तीन महीने तक चली बारिश से हुए नुकसान की भरपाई करने में अधिक समय लगेगा, लेकिन पंचायतों में सड़कों की हालत में अब आवश्यक सुधार होगा। उपायुक्त शिमला से आपदा से निपटने के लिए और पंचायतों में यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए राहत राशि जारी हुई है। इस राशि से सड़कों पर पड़ा मलबा हटाने, सुरक्षा दीवारों और डंगे लगाने के कार्य किए जाने प्रस्तावित हैं। विकास खंड कार्यालय ने सभी पंचायतों को राशि जारी कर सड़कों की हालत सुधारने का कार्य शुरू कर दिया है।
जिला उपायुक्त से आपदा से निपटने के लिए 30 लाख रुपये की राशि प्राप्त हुई है। इस राशि से विकास खंड की विभिन्न पंचायतों की 37 सड़कों में आवश्यक सुधार कार्य किए जाएंगे। -राजेंद्र नेगी, विकास खंड अधिकारी रामपुर