रोहड़ू। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत पक्की हुई चिड़गांव से पुजारली सड़क की स्थिति बदतर हो गई है। सड़क राजनीतिक उपेक्षा का दंश झेल रही है। सड़क की खस्ता हालत के चलते क्षेत्रवासियों को भारी परेशानियों से दोचार होना पड़ रहा है।
सड़क का निर्माण प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत वर्ष 2014 में हुआ था। सड़क पर वर्ष 2020 में टारिंग की गई, लेकिन अब पूरी तरह से उखड़ चुकी है। सड़क गड्ढों में तबदील हो गई है। इस मार्ग से पुजारली, चिलाला, बहाली, डुंगयानी, भंफड़, भेतयाणी, मटवाणी, विशाली, जखनोटी, हांऊचली सहित एक दर्जन गांव के लोग लाभान्वित होते हैं। बरसात में सड़क दलदल से भर जाती है। साफ मौसम में धूल परेशानी बढ़ाती है। लोक निर्माण विभाग सड़क को अब पक्का करने की योजना बना रहा है।
भंफड़ पंचायत के उपप्रधान अनिल बेथवान ने बताया कि सड़क खस्ताहाल है। सड़क पर जो टारिंग की गई थी, वह भी उखड़ चुकी है। सड़क की दयनीय स्थिति को सुधारने के लिए कई बार विभाग के अधिकारियों को कहा गया है, लेकिन दुरूस्त नहीं किया जा रहा है। उधर, लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता अनिल शर्मा ने बताया कि सड़क की मरम्मत का कार्य ठेकेदार की ओर से किया जाना है। शीघ्र ही सड़क को एएमपी प्लान के तहत पक्का किया जाएगा, ताकि क्षेत्र के लोगों काे राहत मिल सके।