. अनुसूचित जाति विकास योजना के तहत होगा डेढ़ किलोमीटर सड़क का निर्माण
विज्ञापन
. दो गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों को मिलेगी सड़क सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
डंसा (रामपुर बुशहर)। रामपुर उपमंडल की दुर्गम पंचायत दरकाली के दो गांवों को जल्द सड़क सुविधा मिलेगी। अनुसूचित जाति विकास योजना के तहत लोक निर्माण विभाग करीब डेढ़ किलोमीटर सड़क का निर्माण करेगा। दरकाली पंचायत में सेरी-मझाली से नागासेरी तक संपर्क सड़क का निर्माण किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने अनुसूचित जाति विकास योजना के तहत बनने वाली सड़क के लिए करीब 25 लाख की अनुमानित लागत का प्राक्कलन बिजली बोर्ड को स्वीकृति के लिए भेजा है। इसके तहत विभाग को 15 लाख की राशि स्वीकृत हो चुकी है। सड़क के करीब डेढ़ किलोमीटर हिस्से के लिए 15 लाख रुपये की राशि खर्च की जानी है। इस सड़क का निर्माण होने से पंचायत के घिंचा और नागासेरी गांव ग्रामीणों को लाभ पहुंचेगा। ग्रामीणों को आवाजाही करने में परेशानी झेलनी पड़ती है। साथ ही जरूरत का सामान, भवन निर्माण सामग्री समेत आपात के समय अब पैदल सफल करने की समस्या से निजात मिलेगी। इस सड़क के करीब तीन सौ मीटर हिस्से का काम पहले हो चुका है। सड़क का बाकी हिस्सा बिजली बोर्ड के अंतर्गत आता है। सड़क के बजट की स्वीकृति मिलने से अब ग्रामीणों को जल्द सड़क सुविधा से जुड़ने की आस जगी है।
विभाग की ओर से अनुसूचित जाति विकास योजना के तहत 25 लाख का प्राक्कलन तैयार कर स्वीकृति के लिए भेजा था। इसमें से 15 लाख रुपये की राशि स्वीकृत हो चुकी है। शेष राशि मिलने पर निर्माण कार्य प्रक्रिया शुरू करवा दी जाएगी। - गोवर्धन शर्मा, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग तकलेच