बिजमल, हलाऊ पंचायत के लोग लंबे समय से अलग पटवार सर्किल बनाने की कर रहे मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
नेरवा (रोहड़ू )। बिजमल और हलाऊ पंचायत के ग्रामीण लंबे समय से अलग पटवार सर्किल बनाए जाने की मांग कर रहे हैं। दोनों पंचायतों के ग्रामीणों को पटवारी तक पहुंचने के लिए करीब 40 किलाेमीटर का सफर करना पड़ता है। ग्रामीण कई प्रस्ताव सरकार को भेजे पर चुके हैं, लेकिन उनकी मांग पर कोई गौर नहीं हो रहा। बिजमल पंचायत की पूर्व प्रधान बबिता राणा और पूर्व प्रधान दिनेश चौहान ने बताया इस समय बिजमल केदी और हलाऊ अंतरावली पटवार सर्किल के अंतर्गत आते हैं। हलाऊ से अंतरावली की दूरी 40 किलोमीटर और बिजमल के आर, शटल, शिरगा और केदी गांव से 30 किलोमीटर है। यदि बिजमल में पटवार सर्किल बनाया जाता है तो आर, शटल, शिरगा मात्र तीन से पांच किलोमीटर दूर और हलाऊ की दूरी आठ किलोमीटर रह जाती है। कई बार लोग पटवारी से मिलने के लिए 40 किलोमीटर सफर करते हैं, उसके बाद पता चलता कि वे जरूरी काम से तहसील या फिर फील्ड में गए हैं। उसके बाद दोबारा लोगों को इतना सफर करने के लिए मजबूर होना पड़ता है। लोगों का कहना है कि जरूरी राजस्व रिकाॅर्ड, आपदा या फिर मौके के लिए लोगों को इससे परेशानी हो रही है। लोगों ने बताया कि बिजमल और हलाऊ दोनों पंचायतें वर्ष 2021 में प्रस्ताव पारित कर सरकार को भेज चुकीं हैं। सरकार की ओर से प्रस्ताव स्वीकार करने के बावजूद अभी तक इस पर अमल नहीं किया गया है। हलाऊ पंचायत के पूर्व प्रधान संत राम, वरिष्ठ नागरिक मनी राम,दुला राम शास्त्री, नंबरदार सुरेंद्र सिंह, बिजमल पंचायत के पूर्व प्रधान दिनेश चौहान, पूर्व प्रधान बबीता राणा, पूर्व पंचायत समिति सदस्य नारायण सिंह, वर्तमान पंचायत समिति सदस्य राम चंद, नंबरदार गुलाब सिंह और अत्तर सिंह राणा ने बिजमल को प्राथमिकता के आधार पर पटवार सर्किल बनाने की मांग की है।