. जल शक्ति विभाग ने तैयार की योजना, इन दिनों चल रहा योजना का ट्रायल
विज्ञापन
. योजना से अपर और लोअर डकोलढ़ के 250 परिवारों को मिलेगी सुविधा . वार्डों के पुनर्सीमांकन के बाद सीवरेज प्रणाली के लाभ से वंचित थे हजारों लोग
सुभाष सेन रामपुर बुशहर। रामपुर नगर परिषद के अपर और लोअर डकोलढ़ वार्ड के हजारों की आबादी जल्द सीवरेज प्रणाली से जुड़ेगी। जल शक्ति विभाग ने सीवरेज प्रणाली का निर्माण कार्य पूरा कर लिया है। इस पर करीब 8.35 करोड़ रुपये की लागत आई है। इन दिनों ट्रायल चल रहा है। मार्च महीने से दोनों वार्डों को सीवरेज प्रणाली की सुविधा मिलना शुरू हो जाएगी। रामपुर उपमंडल के डकोलढ़ क्षेत्र के लोग कई साल से सीवरेज प्रणाली से जुड़ने की आस लगाए हुए हैं। पूर्व में दोनों वार्डों में सीवरेज प्रणाली की सुविधा न होने से भूस्खलन जैसी समस्या बनी हुई थी, जबकि खुले में बह रही सीवरेज की गंदगी बीमारियों को न्योता दे रही थी। इसके बाद नगर परिषद रामपुर का पुनर्सीमांकन कर चार नए वार्डों का गठन किया गया था। इसमें डकोलढ़ को शिंगला पंचायत से अलग कर नगर परिषद में शामिल किया गया। इसके बाद इन दोनों वार्डों के लोगों को नगर परिषद की ओर से दी जाने वाली सभी मूलभूत सुविधाएं मिलने की आस जगी थी। नगर परिषद के वार्ड नंबर-छह और सात के बाशिंदे कई साल से सीवरेज प्रणाली से जुड़ने की आस लगाए हुए थे। सीवरेज प्रणाली के निर्माण के लिए करीब आठ करोड़ रुपये के बजट का भी प्रावधान किया गया था। आखिर लंबे समय के बाद अपर और लोअर डकोलढ़ वार्ड के लोगों के लिए राहत की खबर आई है। जल शक्ति विभाग ने करीब 8.35 करोड़ रुपये की लागत से सीवरेज प्रणाली का निर्माण कार्य पूरा कर लिया है। योजना के तहत सतलुज नदी के किनारे 1.2 एमएलडी की क्षमता वाला सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट तैयार किया गया है। वहीं, दोनों वार्डों के करीब 250 परिवारों को इस योजना के तहत जोड़ा जाएगा। इन दिनों प्लांट का ट्रायल चल रहा है। विभाग ने मार्च महीने तक दोनों वार्डों के लोगों को इस योजना से जोड़ने का लक्ष्य रखा है। अब दोनों वार्डों के लोगों को मार्च माह से इस योजना का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। वार्डों में रहने वाले लोगों को अब पूर्व की भांति सीवरेज प्रणाली की समस्या से नहीं जूझना पड़ेगा।
डकोलढ़ में 8.35 करोड़ रुपये की लागत से सीवरेज प्रणाली का निर्माण कार्य पूरा लिया गया है। विभाग ने एसटीपी प्लांट और घरों को सीवरेज लाइन से जोड़ने का कार्य पूरा कर लिया है। इन दिनों योजना का ट्रायल चल रहा है। मार्च से दोनों वार्डों के लोगों को योजना का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। - आरएस नेगी, अधिशासी अभियंता, जल शक्ति विभाग रामपुर