सार
रामपुर की भड़ावली पंचायत में शादी समारोह के दिन टेंट हाउस संचालक के कथित तौर पर गायब होने से दो परिवारों को परेशानी झेलनी पड़ी। आरोप है कि संचालक ने दुल्हन पक्ष से 1.20 लाख रुपये एडवांस लिए थे, लेकिन तय व्यवस्थाएं पूरी नहीं कीं। पीड़ित परिवार ने रामपुर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाकर कार्रवाई की मांग की है।
शादी समारोह की तैयारियों के लिए टेंट हाउस संचालक पर भरोसा करना रामपुर के दो परिवारों को भारी पड़ गया। उपमंडल रामपुर की भड़ावली पंचायत में शादी के इंतजाम करने के नाम पर कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि टेंट हाउस संचालक ने दुल्हन पक्ष से 1 लाख 20 हजार रुपये एडवांस लेने के बावजूद शादी के दिन जरूरी व्यवस्थाएं नहीं कीं और संपर्क से बाहर हो गया। मामले में दूल्हा पक्ष के परिवार से भी उसी दिन समारोह की बुकिंग लेने की बात सामने आई है। संचालक के ऐन मौके पर गायब होने से दोनों परिवारों को आनन-फानन में वैकल्पिक इंतजाम करने पड़े। पीड़ित परिवार ने इस संबंध में पुलिस थाना रामपुर में शिकायत दर्ज करवाई है।
गूगल पे से लिए थे 1.20 लाख रुपये एडवांस
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, निरमंड उपमंडल की नोर पंचायत निवासी सुनीता देवी ने अपनी बेटी की शादी 12 और 13 नवंबर को देवठी गांव में तय की थी। उनका मायका रामपुर की भड़ावली पंचायत के मतरेवल गांव में है। शादी समारोह की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी उन्होंने ग्राम पंचायत देवनगर के थानटी गांव निवासी टेंट हाउस संचालक रविंद्र कुमार को सौंपी थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक, संचालक ने पूरी व्यवस्था करने का भरोसा दिया और गूगल पे के माध्यम से 1 लाख 20 हजार रुपये एडवांस में ले लिए। परिजनों का आरोप है कि शादी से एक दिन पहले संचालक ने मौके पर केवल कुछ सामान पहुंचाया। लाइट और साउंड सिस्टम सहित अन्य जरूरी इंतजाम नहीं किए गए। जब परिवार के सदस्यों ने उससे संपर्क करने की कोशिश की तो उसने फोन उठाना बंद कर दिया।
दूल्हा पक्ष से भी उसी दिन ली थी बुकिंग
परिजनों के अनुसार, बाद में पता चला कि टेंट हाउस संचालक ने उसी दिन देवठी गांव में दूल्हा पक्ष के यहां भी समारोह की बुकिंग ले रखी थी। दोनों परिवारों को एक ही समय पर परेशानी का सामना करना पड़ा। शादी जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर अचानक व्यवस्था बिगड़ने से परिवारों को कम समय में दूसरे व्यक्ति से इंतजाम करवाने पड़े। इससे उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानी के साथ सामाजिक असहजता भी झेलनी पड़ी।
पुलिस से कार्रवाई और एडवांस राशि वापस दिलाने की मांग
पीड़ित परिवार ने पुलिस थाना रामपुर में शिकायत देकर संचालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि घटना के बाद से संचालक का फोन बंद आ रहा है। परिवार ने पुलिस से दोनों परिवारों से ली गई एडवांस राशि वापस दिलवाने की भी मांग की है। उनका कहना है कि शादी जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर इस तरह की लापरवाही और कथित धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है।