रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिला किन्नौर में गरीबी रेखा से नीचे रह रहे लोगों को करीब 38 हजार की राशि का 250 वाट की क्षमता का सोलर प्लांट निशुल्क प्रदान किया जा रहा है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष उमेश नेगी ने सांगला, कामरू और चांसू पंचायत में करीब 40 सोलर प्लांट वितरित किए। नेगी ने कहा कि वर्ष 2022-23 में एक करोड़, 45 लाख का बजट जनजातीय उपयोजना के तहत रखा है।
इससे 375 सोलर प्लांट 250 वाट क्षमता के जिला किन्नौर के बीपीएल/ एएवाई परिवारों को वितरण किया जा रहा है। राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने इस वर्ष के लिए दो करोड़ रुपये का योजना में अनुमोदन किया है। इसमें चरणवद्ध तरीके से जिले के अन्य एएवाई परिवारों को निशुल्क वितरण किया जाएगा। इससे करीब 500 परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।
योजना के तहत बीपीएल परिवारों में वितरण किया जाना था लेकिन कैबिनेट मंत्री की सूझबूझ से पहले गरीबों में भी अति गरीब बीपीएल/ एएवाई परिवारों में वितरण करने के निर्देश हुए हैं। पांच सालों तक इसका रखरखाव कंपनी की देखरेख में होगा। अगर कोई खराब हो जाए तो सीधा कंपनी और हिमऊर्जा से संपर्क कर सकते हैं।