सफाई की उचित व्यवस्था नहीं होने से आम लोगों को झेलनी पड़ रही दिक्कतें
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। सरकार स्वच्छता अभियान पर लाखों रुपये खर्च कर रही हैं। इसके तहत महिला मंडलों और युवक मंडलों को साफ-सफाई और खुले में शौच न करने पर जागरूक किया जा रहा है। पंचायतों से वार्ड तक सफाई अभियान और शौच मुक्त गांव बनाने के लिए योजनाएं चलाई जा रही है लेकिन डोडरा क्ववार उपमंडल सरकार की सभी योजनाओं के विपरीत सार्वजनिक शौचालय में गंदगी का आलम है। इस वजह से क्षेत्र के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के मुताबिक स्वच्छ भारत अभियान के तहत क्वार पंचायत की ओर से एसडीएम कार्यालय के समीप एक सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कुछ साल पहले किया गया। यहां उपमंडल मुख्यालय कार्यालय के अलावा तहसील कार्यालय विभाग के अन्य बैंक कार्यालय भी हैं। हर दिन पांच पंचायतों के लोगों का यहां पर आना-जाना रहता है। लेकिन शौचालय में न तो पानी की व्यवस्था न ही उचित सफाई का कोई प्रावधान है । इसके कारण आम लोगों को खुले में शौच के लिए जाना पड़ता है। कई कार्यालय के भीतर शौचालय जरूर बने हैं लेकिन आम लोगों के लिए सुविधा उपलब्ध नहीं है। इस वजह से डोडरा क्वार बाजार में आने वाले लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा है। गांव के लोगों ने सरकार सार्वजनिक शौचालय की मरम्मत करवाने या नए शौचालय का निर्माण करवाने की मांग की है।
कोट्स
पंचायत के पास इतने साधन भी नहीं कि शौचालय में स्थायी कर्मचारी की नियुक्ति की जा सके। समय-समय पर शौचालय की मरमत पंचायत तो कभी सामाजिक संस्थाएं करवाती हैं। रखरखाव के अभाव में शौचालय की हालत खस्ता हो गई है
कमल सिंह प्रधान ग्राम पंचायत क्वार