रोहडू। बछूंछ मेले में रविवार रात सांस्कृतिक संध्या का आयोजन हुआ। जय देवता बौंद्रा मेला कमेटी बछुंछ की ओर से आयोजित कार्यक्रम में आधा दर्जन से अधिक लोक कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान रातभर लोग पहाड़ी नाटियों की धुनों पर थिरकते रहे। सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ लोक गायिका रोहिनी डोगरा ने किया।
उन्होंने तेरी परांऊटी बाजा रेडिया, हाथ काटा पोईनी दाचिये, रोहड़ू जाना मेरी आमिये, गोली मारो दुनिया को जैसे पहाड़ी गीतों की प्रस्तुति से लोगों का जमकर मनोरंजन किया। इसके बाद तांत्रा ब्वॉयज संतोष तोषी और बीरबल मुसाफिर प्रस्तुतियों से लोगों का खूब नचाया। उन्होंने ..मेला लागा डालपुर मैदाना, मामिये डाटु बिसरों लेनो, खाना खाई लेना एक थालिये, अनोखी लागी रौनका तेरे गांव दी, खाई लेनी मामा टिपरूआ शिमले री जलेबी, सुन छोरिये चसको बुरा बजारो रा सहित कई पहाड़ी गीत गाए।
इसके बाद लोक गायक सुनील शर्मा ने बोड़े जानो साहिबो रे, तेरी शांगरी कुल्लू वाली और नई लागदा मेरा दिल सहित कई गीत गाए। कार्यक्रम के अंत में ठियोग के लोक कलाकार सुरेश शर्मा ने गौरा गौरा मुखड़ा तेरा देखियो, फोग चल रहा भाईजी, किंदे चाली उषा राणिये और डाली सोरजुए जैसे गीतों से खूब वाहवाही लूटी।