रिकांगपिओ (किन्नौर)। जनजातीय जिला किन्नौर में हुई मूसलाधार बारिश और बाढ़ के कारण जिले में भारी नुकसान हुआ है। अभी तक जिले में करीब 88 करोड़ 95 लाख रुपये का नुकसान हो चुका है। वहीं मौसम के रूख को देखते हुए 25 जुलाई तक जिले में हाई अलर्ट जारी किया गया है।
इसको देखते हुए तीन दिन तक स्कूल बंद रहेंगे। उपायुक्त किन्नौर तोरूल एस रवीश ने बताया कि वीरवार को जिले के कामरू में आई बाढ़ के कारण भारी नुकसान है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिले में 16 संपर्क सड़कें बंद हैं। इसके अलाव दो ट्रांसफार्मर और 11 पेयजल योजनाएं बंद हैं। इन्हें बहाल करने के लिए लोक निर्माण, विद्युत बोर्ड और जल शक्ति विभाग दिन-रात कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जिले में खराब मौसम के चलते 25 जुलाई तक हाई अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने सभी जिलावासियों से आग्रह किया कि वे अपने घरों में सुरक्षित रहें। अति आवश्यक कार्य पड़ने पर ही अपने घरों से बाहर निकलें। उन्होंने कहा कि जिले के निचार उपमंडल और सांगला तहसील के सभी स्कूलों को आगामी तीन दिनों तक खराब मौसम के चलते बंद कर दिया गया है।
उपायुक्त बताया कि जिला में बारिश और विपरीत मौसम परिस्थितियों के चलते इस वर्ष की किन्नर कैलाश यात्रा 15 अगस्त से 31 अगस्त तक प्रस्तावित कर दी गई है, जोकि पूर्व में एक से 15 अगस्त तक प्रस्तावित थी। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त से प्रस्तावित किन्नर कैलाश यात्रा उस समय की मौसम परिस्थितियों पर निर्भर करेगी।