रामपुर बुशहर। एचपीएसईबी पेंशनर्स एसोसिएशन रामपुर, कुमारसैन, आनी और किन्नौर इकाई ने मांगों को लेकर रामपुर में बैठक आयोजित की। बैठक में जनवरी 16 के बाद सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन संबंधी विसंगतियों को दूर करने की मांग उठाई गई। इसके अलावा उन्होंने स्मार्ट मीटर की व्यवस्था को भी रोकने की अपील की।
उन्होंने कहा कि जब 26 लाख में 16 लाख उपभोक्ताओं के बिल जीरो आ रहे हैं, तो ऐसे में महंगे मीटरों की जरूरत नहीं है। बैठक में पेंशन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर चर्चा हुई। बैठक में एक जनवरी 2016 के बाद सेवानिवृत्त बिजली बोर्ड के कई कर्मचारियों की पेंशन न लगने और रिवाइज्ड पेंशन नहीं लगने पर नाराजगी जताई।
उन्होंने बताया कि एक जनवरी 16 से पहले के जो पेंशनर थे, उनकी पेंशन में भी विसंगति है। बिजली बोर्ड के सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने बताया कि जो डीए भारत सरकार का 46 प्रतिशत होने वाला है लेकिन हिमाचल बिजली बोर्ड के कर्मचारियों को 34 प्रतिशत ही मिल रहा है।
उन्होंने बताया जिन बिजली बोर्ड के कर्मचारियों ने अपनी जवानी बिजली बोर्ड को ऊंचाइयों तक पहुंचाने में लगाई उन्हें अपने हकों के लिए लड़ना पड़ रहा है। उन्होंने स्मार्ट मीटरिंग का जो कॉन्सेप्ट लाया गया है, उसको बंद किया जाना चाहिए।