रामपुर बुशहर। ज्यूरी-गानवी मार्ग पर की जा रही टारिंग की गुणवत्ता पर क्षेत्र के लोगों ने सवाल उठाए हैं। लोगों का आरोप है कि टारिंग का कार्य नियमों को दरकिनार करके मिट्टी पर ही किया जा रहा है। गौर हो कि ज्यूरी-गानवी सड़क से दुर्गम क्षेत्र की छह पंचायतों के हजारों लोग लाभान्वित होते हैं।
कई वर्षों से ग्रामीण सड़क को पक्का करने की मांग कर रहे थे। कई मर्तबा ग्रामीणों ने विभिन्न मंचों के माध्यम से सड़क को पक्का करने की मांग रखी। अब सड़क की कायाकल्प का कार्य शुरू तो हुआ लेकिन प्रारंभिक दौर में ही टारिंग के कार्य की गुणवत्ता पर ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि मिट्टी पर ही सड़क पर टारिंग का कार्य किया जा रहा है। इसको लेकर लोगों ने विभाग और ठेकेदार की कार्यप्रणाली को लेकर भारी रोष जताया है। लोगों ने प्रदेश सरकार और प्रशासन से सड़क पर हो रही टारिंग के कार्य की गुणवत्ता जांच करने की मांग उठाई है।
इसके साथ ही लापरवाही करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। गानवी पंचायत के उपप्रधान जगदीश कुमार ने कहा कि कई वर्षों बाद तो सड़क पर टारिंग हो रही है। सड़क से गानवी, जघोरी, फांचा, कूट, क्याव और लबाना-सदाना पंचायत के हजारों लोग आवाजाही करते हैं।
उन्होंने प्रशासन से सड़क पर टारिंग कार्य की गुणवत्ता जांच करने की की मांग उठाई है। अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग रामपुर रजनीश बहल ने बताया कि टारिंग को लेकर शिकायत मिली है। ठेकेदार को गुणवत्ता के साथ कार्य करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।