ज्यूरी/रामपुर बुशहर। सोमवार को महात्मा गांधी राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज कोटला में आपदा प्रबंधन को लेकर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इसमें एनडीआरएफ की टीम ने छात्रों को आपदा से निपटने की बारीकियां सिखाईं। शिविर में सुधीर कुमार यादव ने छात्रों को आपदा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि प्राकृतिक आपदा आने पर कैसे हम अपनी और आसपास के लोगों की मदद कर सकते हैं। एनडीआरएफ की टीम ने मॉकड्रिल और आपदा की स्थिति का माहौल बनाकर छात्रों को आपदा के समय प्राथमिक उपचार के विभिन्न तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसमें मुख्य रूप से घाव और फ्रैक्चर का प्राथमिक उपचार सहित सीपीआर देने की विधि सिखाई गई।
वहीं छात्रों को भूकंप, बाढ़ और आग की स्थिति में निपटने की जानकारी भी दी गई। इस मौके पर प्रधानाचार्य राकेश कुमार, सहायक प्राध्यापक डॉ. विकास भारती और सहायक प्राध्यापिका पूजा सहित अन्य मौजूद रहे।