रामपुर बुशहर। पुलिस थाना झाकड़ी के तहत मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इस मामले में तीन बच्चों के पिता पर पुलिस ने केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। वहीं मामले की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक रामपुर उपमंडल के पुलिस थाना झाकड़ी में पुलिस ने युवती के परिजनों की शिकायत पर दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती लंबे समय से अपने नाना के घर पर रह रही थी। इसी बीच आरोपी ने युवती से दुष्कर्म को अंजाम दिया। बीते रोज युवती की मां मायके पहुंची तो इस दौरान युवती को चक्कर आ गया। परिजनों ने उसे बेहोशी की हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां जांच के दौरान युवती के गर्भवती होने की पुष्टि हुई।
मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद परिजनों ने उससे पूछताछ की और युवती ने परिजनों को आपबीती बताई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान केशव राम निवासी गांव शाह, तहसील रामपुर जिला शिमला के तौर पर हुई है। डीएसपी रामपुर शिवानी महला ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 और 506 के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।