सराहन और बौंडा पंचायत को साडा से बाहर निकालने की लोगों ने उठाई मांग इस मांग को लेकर ग्राम सभा में पारित किया प्रस्ताव प्रतिनिधिमंडल ने उपमंडलाधिकारी रामपुर बुशहर को ज्ञापन सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। उपमंडल रामपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत सराहन और बौंडा के लोगों ने क्षेत्र को साडा से बाहर निकालने की मांग की है। इस मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल उपप्रधान सोहन पवांटु और पंचायत समिति सदस्य यशपाल पालसरा की अध्यक्षता में उपमंडलाधिकारी रामपुर बुशहर से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपकर मांगों से अवगत करवाया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि क्षेत्र में दोनों पंचायतों के कुछेक क्षेत्र को साडा में शामिल किया गया है। इस वजह से क्षेत्रवासियों को मकान बनाने के लिए ग्राम एवं नगर नियोजन विभाग की अनुमति लेनी पड़ती है। इसके अलावा बिजली, पानी के कनेक्शन लेने के लिए कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। अभी तक क्षेत्र में विकास को लेकर कोई भी योजना तैयार नहीं की गई है। पंचायत ने ग्रामीण क्षेत्र से साडा को बाहर निकालने की मांग की। इस मुद्दे को लेकर दोनों पंचायत के प्रतिनिधियों ने ग्रामसभा का आयोजन कर प्रस्ताव भी पारित किया है। प्रस्ताव के माध्यम से ग्रामीणों ने एसडीएम रामपुर से दोनों पंचायतों को साडा से बाहर करने की मांग की है। ग्रामीणों ने चर्चा के बाद सभी वार्ड सदस्यों और ग्रामीणों ने इसका पुरजोर विरोध किया। ग्राम पंचायत को साडा के अंतर्गत लाने पर रोष व्यक्त किया। लोगों का कहना है कि विभाजन से पूर्व ग्राम पंचायत बौंडा, ग्राम पंचायत सराहन का हिस्सा थी। उस समय सराहन में भीमाकाली मंदिर के उत्थान और सुरक्षा के लिए मंदिर के क्षेत्र को टाउन एंड कंट्री प्लानिंग के अंतर्गत लाया गया था। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग का इस क्षेत्र में इतना बड़ा विस्तार न्यायसंगत नहीं है। सराहन से बौंडा पंचायत की दूरी करीब 7 किमी है। इस क्षेत्र में अधिकतर गरीब लोग रहते हैं। ग्राम पंचायत बौंडा पूर्ण रूप से ग्रामीण परिवेश की पंचायत हैं। इस पंचायत के अंतर्गत कोई भी गांव और बाजार इतना बड़ा नहीं है कि जिसे नगर समझा जाए। ग्राम पंचायत की आर्थिक एवं भौगोलिक स्थिति को देखते हुए पंचायत को टाउन एंड कंट्री प्लानिंग के अंतर्गत लाया जाना अनुचित है। इसलिए सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर निर्णय लिया गया कि उपमंडलाधिकारी रामपुर से निवेदन किया जाए कि पंचायत क्षेत्र में नगर एवं ग्राम योजना विभाग की विकास योजना लागू न हो और क्षेत्र को टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग के दायरे से बाहर किया जाए।