अब तक कमलाऊ में चार और नागीनाल में तीन गायें बनाईं शिकार
ग्रामीणों ने भालू की दहशत से निजात दिलाने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर की शलाटी घोड़ी में इन दिनों लोग भालू के हमले से दहशत में हैं। एक सप्ताह भालू कई गोशालाओं में घुसकर सात गायों को अपना शिकार बना चुका है। बुधवार रात को भी कमलाऊ गांव में एक गोशाला में भालू ने एक गाय को अपना शिकार बनाया, जबकि दूसरी गाय को बुरी तरह से जख्मी कर दिया। ग्रामीण वन विभाग से भालू की समस्या से निजात दिलाने की मांग कर रहे हैं।
गौर हो कि कई दिनों से शलाटी घोड़ी में भालू ने आतंक मचा रखा है। भालू ने अब तक करीब सात गायों को अपना शिकार बनाया है, जबकि एक गाय जख्मी हालत में है, जिसका उपचार चल रहा है। बुधवार रात को भालू ने कमलाऊ गांव के धार नामक स्थान पर गोशाला में घुसकर गाय पर हमला कर उसे मार डाला। यह गोशाला कमलाऊ निवासी हरदयाल चौहान की थी। भड़ावली पंचायत के कमलाऊ वार्ड सदस्य केके चौहान ने कहा कि शलाटी क्षेत्र में भालू ने आतंक मचा रखा है। भालू ने सबसे पहले 28 नवंबर को कमलाऊ में कृष्णकांत की दो गायों पर हमला किया, जिसमें एक गाय की मौत हो गई, जबकि एक बुरी तरह से जख्मी हुई है। उसके बाद दो दिसंबर को भालू ने महावीर चौहान की गाय को शिकार बनाया। एक सप्ताह में भालू ने चार गायों को शिकार बनाया है। भालू ने जीवन चौहान, निवासी कमलाऊ, धर्मदास निवासी नागीनाल की एक-एक गाय, कौलराम की दो गायों को अपना शिकार बनाया है। उन्होंने कहा कि भालू के लगातार हमले से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। प्रभावितों के अलावा बॉबी चौहान सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से भालू के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।
लोग सावधानी बरतें
उधर, वन विभाग रामपुर के डीएफओ हरदेव नेगी ने बताया कि भालू की समस्या को लेकर पंचायत प्रधान से बातचीत हुई है। वीरवार शाम को आरओ की अगुआई में विभाग की टीम मौके पर भेजी जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से रात के समय घर के आसपास बिजली जलाए रखने और रात के समय घर से बाहर निकलते समय सावधानी बरतने के लिए कहा है। - संवाद