रोहड़ू। विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चिड़गांव में लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने लोगों को वोट डालने के लिए प्रेरित किया और मतदान का महत्व भी समझाया। इस दौरान लोगों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक भी किया गया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य वीरेंद्र वरिष्ठ अध्यापक पवन सहित स्कूल का पूरा स्टाफ उपस्थित रहा।
स्वीप कार्यक्रम के अधिकारी भरत खेपान ने नाटक मंचन में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र दिए। उन्होंने कहा की स्वीप कार्यक्रम के तहत रोहड़ू के विद्यार्थी वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला और कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल की ओर से भी अलग-अलग दिनों में जागरुकता रैली का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा इससे पहले दूरदराज क्षेत्र डोडरा क्वार में खेल और अन्य गतिविधियों के माध्यम से युवक मंडलों, महिला मंडलों और स्कूल के विद्यार्थियों ने संदेश के माध्यम से अधिक से अधिक मतदान देने के लिए प्रेरित किया।