. ढली और पराला मंडी की तर्ज पर रामपुर में हो रहा सब्जी मंडी का निर्माण
विज्ञापन
. यातायात समस्या से जूझ रहे चार जिलों के प्रमुख व्यापारिक केंद्र में मिलेगी राहत . 12 करोड़ से सब्जी मंडी और 7 करोड़ रुपये से होगा बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण संवाद न्यूज एजेंसी रामपुर बुशहर। नया साल रामपुर उपमंडल के हजारों किसानों-बागवानों और लोगों के लिए राहत लेकर आएगा। बीते एक दशक से भी अधिक समय से रामपुर में सब्जी मंडी और पार्किंग का इंतजार कर रहे लोगों को इस वर्ष सौगात मिलने की उम्मीद है। करोड़ों रुपये की लागत से इन योजनाओं के सिरे चढ़ने से क्षेत्र के किसानों-बागवानों को बढ़ी राहत मिलेगी, जो लंबे अरसे से सब्जी मंडी की आस लगाए हुए हैं। वहीं, पार्किंग का निर्माण होने से चार जिलों के प्रमुख व्यापारिक केंद्र में ट्रैफिक जाम और पार्किंग की समस्या से निजात मिलेगी। रामपुर उपमंडल का अधिकांश क्षेत्र सेब बहुल इलाके में आता है। यहां हर साल सेब की लाखों पेटियों का उत्पादन होता है। इसके अलावा यहां स्टोन फ्रूट और नकदी फसलों का भी खूब उत्पादन होता है, लेकिन बात करें एक अदद सब्जी मंडी की, तो यहां आज भी सब्जी मंडी का अभाव है। क्षेत्र के बागवान आज भी अपना सेब नारकंडा, पराला और ढली समेत देश की अन्य मंडियों में ले जाने को मजबूर हैं। करीब एक दशक पहले वर्ष 2016 में पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह ने शहर के डकोलढ़ में आधुनिक सब्जी मंडी की आधारशिला रखी थी। एक दशक की लंबी अवधि के बाद भी इस सब्जी मंडी का निर्माण नहीं हो पाया। करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सब्जी मंडी का कार्य इस साल शुरू हो गया है। करीब दो करोड़ रुपये से कटिंग और मैदान बनाने का कार्य चल रहा है। प्रथम चरण में किसानों-बागवानों के उत्पादों की खरीद-फरोख्त के लिए विशाल शेड का निर्माण किया जा रहा है, जबकि दूसरे चरण में यहां दुकानें, यार्ड और किसान भवन का निर्माण किया जाएगा। ढली और पराला मंडी की तर्ज पर बन रही इस सब्जी मंडी से जनजातीय जिला किन्नौर, शिमला और साथ लगते कुल्लू जिले के हजारों किसानों-बागवानों को लाभ मिलेगा। वर्तमान में रामपुर के इंदिरा मार्केट में सब्जी मंडी चल रही है। सड़क से दूर होने और अपेक्षा से कम स्थान के चलते यहां पहुंचने वाले किसान परेशानी झेल रहे हैं। ऐसे में इस साल क्षेत्र के लोगों आधुनिक सब्जी मंडी मिलने की पूरी उम्मीद है।
पार्किंग का अभाव, जाम की समस्या
चार जिलों के प्रमुख व्यापारिक केंद्र रामपुर में रोजाना हजारों की संख्या में वाहन पहुंचते हैं। देश सीमा और किन्नौर की ओर जाने वाले वाहनों का भी यहीं से गुजरना होता है, लेकिन शहर में पार्किंग के अभाव के चलते अक्सर जाम और पार्किंग की समस्या से लोग जूझते रहते हैं। पार्किंग के अभाव में लोग नेशनल हाईवे-पांच के किनारे वाहनों को पार्क करने के लिए मजबूर हैं। ऐसे में इंदिरा मार्केट में बनने वाली बहुमंजिला पार्किंग से हजारों वाहन चालकों को लाभ पहुंचेगा। यहां करीब सात करोड़ रुपये की लागत से बहुमंजिला पार्किंग बनेगी, जिसमें करीब 200 वाहनों को पार्क करने की सुविधा मिलेगी। नगर परिषद ने पार्किंग निर्माण का जिम्मा लोक निर्माण विभाग को सौंपा है। पार्किंग निर्माण के लिए नगर परिषद को करीब डेढ़ करोड़ रुपये का बजट भी स्वीकृत हो चुका है। यदि सब सही रहा, तो जल्द ही लोक निर्माण विभाग पार्किंग का निर्माण शुरू करेगा और क्षेत्र के लोगों को जल्द ही पार्किंग की सुविधा मिलेगी।
इंदिरा मार्केट में पार्किंग निर्माण के लिए करीब डेढ़ करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है। सात करोड़ से बनने वाली बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण शुरू करने के लिए लोक निर्माण विभाग से पत्राचार किया गया है। - बीआर नेगी, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद
रामपुर में डकोलढ़ में इस जगह होगा सब्जी मंडी का निर्माण। संवाद