सेब सीजन में कई पचायताें के बागवानो हो सकती है परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर उपमंडल में बारिश ने लोक निर्माण विभाग की पोल खोलकर रख दी है। सोमवार सुबह से बारिश के कारण तकलेच-नोगली सड़क दलदल में बदल गई, जिससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। सुबह करीब दो घंटे तक सरकरी बस दलदल में फंसी रही, जिससे दोनों ओर लंबा जाम लग गया। लोक निर्माण विभाग ने सड़क को ऊंचा उठाने के लिए यहां मलबा डाला है। औपचारिकता पूरी करने के लिए विभाग ने पूरी सड़क पर ही मिट्टी को बिछा दिया है। इससे बारिश होने पर यह सड़क दलदल में तबदील हो गई।
लोगों का कहना है कि विभाग ने सड़क को बेहतर करना था, तो एक तरफ मिट्टी को बिछाते और उसे अच्छे ढंग से मशीन से दबा देते। पूरी सड़क पर मिट्टी बिछाने का तर्क किसी को समझ नहीं आया और अब यह स्थिति है कि बारिश होने पर सड़क को दलदल में बदल गई है। अब यहां पर पूरी बरसात वाहनों की आवाजाही खासी प्रभावित रहने वाली है। कुछ दिनों के बाद सेब सीजन भी शुरू होने वाला है। ऐसे में बागवान चिंतित हैं। तकलेच-नोगली को जोड़ने वाली यह मुख्य सड़क है, जबकि अन्य संपर्क सड़कों की हालत और भी दयनीय है। दरकाली सड़क की हालत भी दिन खस्ता होती जा रही है। तकलेच से दो किलोमीटर आगे ही लोक निर्माण के विश्राम गृह के पास सड़क पूरी तरह से नाले में तबदील हो चुकी है, लेकिन उस जगह गड्ढों को नहीं भरा जा रहा है। वहीं, सेरी मझाली के समीप भी सड़क दलदल बन गई है। यहां से भी वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। बरसात के लिहाज से तकलेच सब डिवीजन में तीन मशीनों की जरूरत है, लेकिन अभी तक मौके पर एक भी मशीन नहीं है। ऐसे में कोई सड़क बंद होती है, तो उसे खोलना विभाग के लिए चुनौती बन जाता है। विभाग का कहना है कि हमने डिमांड भेजी है। अनुमति के बाद मशीनों के लिए संबंधित ठेकेदारों को बोल दिया जाएगा।
सड़क से जुड़ते हैं कई गांव
तकलेच नोगली सड़क आठ पंचायतों काशापाट, कूहल, देवठी, मुनिश, तकलेच, दरकाली, बाहली, नरैंण को जोड़ती है। यहां से जहां आम आदमी सफर करते हैं, वहीं बड़ी संख्या में यहां से सेब की पेटियां मंडी पहुंचती है। जिस तरह से मुख्य सड़क ही दलदल में तबदील हो चुकी है। ऐसे में आने वाले समय में आम आदमी सहित बागवानों की दिक्कतें बढ़ना तय है।
सड़क को दुरुस्त किया जाएगा
भारी बारिश के कारण तकलेच-नोगली सड़क में एक जगह दलदल बना था। जिसे जल्द दुरुस्त कर दिया जाएगा।
-शोभाराम, सहायक अभियंता तकलेच सब डिविजन, लोक निर्माण विभाग