चौक का 30 लाख से होगा सौंदर्यीकरण, विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने रखी आधारशिला
विज्ञापन
वर्षाशालिका भी बनाई जाएगी ठियोग को मॉडल टाउन के रूप में करेंगे विकसित : राठौर संवाद न्यूज एजेंसी ठियोग (रामपुर बुशहर)। ठियोग कस्बे के प्रेम घाट चौक को संवारा जाएगा। इस पर 30 लाख रुपये की लागत आएगी। चौक की दीवारों पर पहाड़ी संस्कृति पर आधारित आकर्षक चित्रकारी और यात्रियों के लिए एक वर्षाशालिका बनाई जाएगी। इस योजना की आधारशिला ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने रखी। उन्होंने शनिवार को भूमि पूजन किया। इसके बाद इस योजना को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्र को नए सिरे से विकसित करने की योजना बनाई गई है। ठियोग को मॉडल टाउन के रूप में विकसित करने की दिशा में काम चल रहा है। विधायक ने अगले माह होने वाले नगर परिषद चुनाव को लेकर कहा कि उनकी सरकार ने ठियोग को काफी कुछ दिया है। अब वापसी करने के जिम्मेदारी जनता की है। उन्होंने ठियोग बाईपास के अधूरे पड़े काम को पूरा करवाने और नवनिर्मित बस अड्डे के लोकार्पण के बारे में जानकारी दी। इसके अलावा 13 साल से अधर में लटकी सीवरेज लाइन का काम पूरा करने, आपदा के समय क्षतिग्रस्त कस्बे के अंदर से गुजरने वाली सड़क का निर्माण और अमृत पेयजल योजना के जल्द शुरू होने के कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह जनता को देखना है कि किसके नेतृत्व में ठियोग का समग्र विकास हो सकता है। इस मौके पर एसडीएम शशांक गुप्ता, डीएसपी सिद्धार्थ शर्मा, परिषद कार्यकारी अधिकारी वरुण शर्मा, अध्यक्ष अनिल ग्रोवर, पूर्व अध्यक्ष विवेक थापर, संजय शर्मा, शीला वर्मा, रीना रॉय, कमला शर्मा, राजीव वर्मा और ममता ठाकुर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
10 करोड़ की लागत से ई.स्टेशन बनाने की घोषणा
विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने ठियोग में जल्द ही 10 करोड़ की लागत से नए ई स्टेशन बनाए जाने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग और अन्य सुविधाओं से लैस ई स्टेशन बनाया जाएगा। इसके लिए भूमि का चयन किया जा रहा है। भूमि चयन के बाद स्टेशन के काम की प्रक्रिया को शुरू किया जाएगा। पुराने बस अड्डे के नजदीक प्रस्तावित विशाल वाहन पार्किंग बनाने की योजना पर काम किया जा रहा है। ठियोग को एक आधुनिक और सुविधाजनक शहर के रूप में विकसित करने के लिए व्यापक योजना तैयार की गई है।