आय सीमा 75 हजार रुपये, 3 नवंबर को होंगे साक्षात्कार
संवाद न्यूज़ एजेंसी सांगला (किन्नौर)। किन्नौर जिले के पूह बाल विकास परियोजना के अंतर्गत विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में सहायिकाओं के रिक्त पद भरे जाएंगे। इन पदों के लिए साक्षात्कार 3 नवंबर को पूर्वाह्न 11 बजे अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कार्यालय में आयोजित किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को सभी आवश्यक दस्तावेज की मूल प्रतियों सहित उपस्थित होना होगा।
बाल विकास परियोजना अधिकारी पूह अंजू नेगी ने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने आंगनबाड़ी सहायिका के पद के लिए निर्धारित वार्षिक पारिवारिक आय की अधिकतम सीमा 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 75 हजार रुपये कर दी है। इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का मासिक मानदेय 10,500 से बढ़ाकर 11,500 रुपये और सहायिका का मानदेय 5,800 से बढ़ाकर 6,800 रुपये कर दिया गया है।
जारी सूचना के अनुसार सुन्नम-1, लोअर जंगी, करला, लोअर कानम, गोतांग, नाको, लोअर लियो, अपर हांगो, मकरमंग, डुबलिंग, लम्बर और ठंगी सहित विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में सहायिकाओं के पद भरे जाने हैं।
जिन अभ्यर्थियों ने पहले ही आवेदन कर दिया है, उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है। साक्षात्कार के लिए अलग से सूचना नहीं भेजी जाएगी। अधिक जानकारी के लिए संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता या पर्यवेक्षक से संपर्क किया जा सकता है।