ठियोग थाने का निरीक्षण करने के बाद पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ चर्चा करते एएसपी प्रवीर ठाक?
- फोटो : RAMPUR-HP
ठियोग (रामपुर बुशहर)। एएसपी शिमला प्रवीर ठाकुर ने ऊपरी शिमला के ठियोग थाने का औचक निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने बताया कि अब तक पुलिस थाना ठियोग के 12 जवान कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं। कहा कि पूरी दुनिया में लॉकडाउन था, लेकिन पुलिस के जवान अपनी सेवाएं दे रहे थे। आज इन पुलिस जवानों को मोटिवेट करने के लिए ठियोग पहुंचा हूं।
एएसपी ने कहा कि जिले की बात की जाए तो जिले भर में 230 के करीब पुलिस के जवान कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटक मास्क का इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं, जो खतरे की घंटी हो सकती है।
वहीं, पुलिस जिले के साथ-साथ गांव-गांव शादी समारोह और अन्य किसी भी कार्यक्रम में सोशल डिस्टेंसिंग को लेकर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि जिले भर में मास्क न पहनने पर 4 हजार लोगों के चालान कर करीब 25 लाख की राशि वसूल की गई है। आगामी 25 और 31 दिसंबर को अगर रात्रि कर्फ्यू नहीं हटाया जाता है, तो शिमला में किसी भी तरह की कोई गतिविधि नहीं होगी। उन्होंने बताया कि ठियोग और कोटखाई में भी पुलिस ने तीन सौ से अधिक मास्क न पहनने वालों के चालान कर 1 लाख 58 हजार रुपये की राशि वसूली है। वहीं ऊपरी शिमला की पुलिस ने शादी समारोह जैसे 110 मामलों में 11 लोगों के चालान के अलावा रामपुर पुलिस ने एक मामले में एफआईआर भी दर्ज की है।