दो वर्ष पूर्व भवन निर्माण के लिए 80 लाख की राशि हुई थी जारी
अभी भी कागजी प्रक्रिया पूरी करने में जुटा स्वास्थ्य विभाग
सातवें वित्त आयोग अध्यक्ष नंद लाल ने कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश
सुभाष सेन
रामपुर बुशहर। ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाएं सुदृढ़ करने के लिए सरकार कई कदम उठा रही है, लेकिन विभाग की अनदेखी और लेटलतीफी के कारण ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है। उपमंडल रामपुर की कुंगलबाल्टी पंचायत में प्रस्तावित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के भवन का निर्माण विभागीय अनदेखी का शिकार हो रहा है। दो वर्ष पूर्व भवन के निर्माण के लिए 80 लाख रुपये की राशि भी जारी हुई लेकिन भूमि उपलब्ध न होने से भवन निर्माण का मामला लटका हुआ है। बजट स्वीकृति बाद भी भवन निर्माण के लिए प्रस्तावित भूमि का मामला एफआरए के फेर में फंसा हुआ है। सरकार ने स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए कुंगलबाल्टी में पीएचसी भवन निर्माण की योजना तैयार की और धनराशि मुहैया करवाई। योजना तैयार करने और बजट स्वीकृति के बाद सरकार इस भवन की सुध लेना भूल गई। ननखड़ी तहसील की कुंगलबाल्टी पंचायत में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन निर्माण की सरकार ने वर्षों पूर्व स्वीकृति दी और भवन निर्माण के लिए बजट भी जारी किया।
वर्षों बाद भी प्रस्तावित भवन का निर्माण भूमि के अभाव में लटका हुआ है। इस स्वास्थ्य केंद्र से लाभान्वित होने वाली कुंगलबाल्टी, बड़ोग और खमाडी पंचायत के ग्रामीण वर्षों से पीएचसी भवन निर्माण का इंतजार कर रहे हैं। प्रदेश सरकार ने पीएचसी भवन निर्माण के लिए दो वर्ष पूर्व 80 लाख रुपये का बजट भी स्वीकृत किया था। इसके इसके आज दिन तक स्वास्थ्य विभाग के नाम पर भूमि तक नहीं हो पाई है। तीन पंचायतों के हजारों ग्रामीणों को नया पीएचसी भवन बनने से घरद्वार पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की आस जगी थी, लेकिन भवन निर्माण शुरू न होने के कारण ग्रामीणों में रोष है। अभी भी विभाग वन स्वीकृति के लिए कागजी प्रक्रिया पूरी करने में जुटा हुआ है। क्षेत्र के ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग से जल्द भवन निर्माण की सभी औपचारिकताएं पूरी कर कार्य शुरू करने की गुहार लगाई है।
औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश
हिमाचल प्रदेश सातवें वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक नंद लाल ने स्वास्थ्य विभाग को पीएचसी भवन निर्माण की सभी औपचारिकताएं पूरी कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण के लिए दो वर्ष पूर्व बजट भी स्वीकृत किया गया है। उन्होंने विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर भवन का निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
जल्द ही शुरू होगा भवन का निर्माण
खंड चिकित्सा अधिकारी ननखड़ी डॉ. राजेश राणा ने बताया कि विभाग भवन निर्माण की कागजी प्रक्रियाओं को पूरा करने में जुटा हुआ है। जल्द ही भवन का निर्माण कार्य शुरू होगा।