डेढ़ करोड़ होंगे खर्च, जनता को मिलेंगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई (रोहड़ू)। कोटखाई क्षेत्र की थरोला पंचायत के ग्रामीणों को जल्द ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। ग्रामीणों को जल्द ही करोड़ाें से बन रहे भवन की सौगात मिलेगी। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का स्थायी भवन बनने से अब ग्रामीणों को घरद्वार पर ही स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो पाएंगी।
उपमंडल के अंतर्गत थरोला पंचायत में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। अब लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की उम्मीद बंधी है। पीएचसी का अपना भवन नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम पंचायत थरोला में पीएचसी का भवन लगभग डेढ़ करोड़ रुपये से बनाया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पीएचसी का स्थायी भवन बन जाने से मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, साथ ही उपचार, जांच और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं में भी सुधार होगा।