आनी (कुल्लृू)। राज्य निर्वाचन आयोग ने कुल्लू जिले के आनी विकास खंड की जाबन और नमहोंग पंचायतों सहित प्रदेश की चार पंचायतों में चुनावों का एलान कर दिया गया है। यहां पर 30 जनवरी को मतदान होगा। चुनावों की तारीख तय होने के साथ होने के साथ ही यहां चुनाव आचार संहिता भी लागू हो गई है।
इसको लेकर राज्य चुनाव आयुक्त अनिल कुमार खाची ने अधिसूचना जारी कर दी है। इसके अनुसार जाबन और नमहोंग पंचायतों में 11, 12 और 15 जनवरी को सुबह 11 बजे से शाम 3 बजे तक संबंधित पंचायत घरों में ही नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। नामांकन पत्रों की छंटनी 17 जनवरी को होगी जबकि उम्मीदवार 19 जनवरी को नामांकन वापिस ले सकेंगे।
नाम वापसी के तुरंत बाद 19 जनवरी को ही प्रत्याशियों की सूची जारी होगी। मतदान 30 जनवरी को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक या फिर पंक्ति में लगे अंतिम मतदाता के मतदान तक हो सकेगा। खंड विकास अधिकारी आनी बबनेश चड्ढा ने कहा कि जाबन और नमहोंग पंचायत चुनावों की तारीख तय होने के बाद अब यहां चुनावों को शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी जाएंगी।