फागू में तेज गति से वाहन चलाने वाले वाहनों के कटे चालान
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) ने आम लोगों सहित पुलिस प्रशासन को खासी मदद पहुंचाई है। चोरी, संदिग्ध वारदातों सहित ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में ये कैमरे काफी मददगार साबित हो रहे हैं। यही नहीं अब ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करने वाले वाहनों के चालान भी इन कैमरों की मदद से हो रहे हैं, जिससे पुलिस को काफी राहत मिली है।
इन कैमरों की मदद से 10 दिन में पांच लाख रुपये के चालान हुए हैं। ऊपरी शिमला के मुख्य द्वार फागू के पास नेशनल हाईवे पांच पर पुलिस ने वाहनों की रफ्तार पर लगाम लगाने के लिए कैमरे लगाए हैं। बीते 10 दिन पहले ही इन कैमरों को चालू किया गया है। 10 दिनों में इन कैमरों ने ओवर स्पीड के करीब 500 वाहनों के चालान काटे हैं। डीएसपी ठियोग सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि पहाड़ों में वाहन चलाने की अधिकतर स्पीड 45 किलोमीटर प्रति घंटा रखी गई है, लेकिन बिगड़ैल वाहन चालक रफ्तार पर लगाम नहीं रखते हैं और दुर्घटनाएं हो जाती हैं। इन पर रोक लगाने के लिए मुख्यद्वार फागू के पास कैमरे लगाए गए हैं, जो ऑनलाइन ही तेज गति से चलने वाले वाहनों के चालान काट देते हैं। डीएसपी सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि 10 दिनों में करीब पांच लाख रुपये के चालान हो चुके हैं।