नित्थर (कुल्लू)। उपतहसील नित्थर के दुराह के चरानी के पास कार दुर्घटनाग्रस्त होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। हादसा उस समय हुआ जब व्यक्ति गाड़ी को मोड़ते समय नियंत्रण खो बैठा। इससे वाहन करीब दो सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरा। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम किया प्रक्रिया पूूरी कर ली है। शव परिजनों को सौंपा जा चुका है।
आनी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना बुधवार रात करीब 10 बजे की है। मृतक की पहचान जगपाल (39) पुत्र कांशीराम निवासी नित्थर दुराह के गांव सराहर के रूप में हुई है। जगपाल अपने किसी काम से रामपुर गया था। रात को 10 बजे जब चरानी के पास गाड़ी मोड़ रहा था कि तो अचानक नियंत्रण खो बैठा। इससे गाड़ी सड़क से करीब दो सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में व्यक्ति की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी और इसके बाद लोगों और पुलिस ने मिलकर शव को खाई से बाहर निकाला। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। प्रधान ग्राम पंचायत लोट कला देवी ने मृतक के परिवार घर जाकर परिवार को सांत्वना दी और कहा कि क्षेत्र के लिए ऐसे युवा का जाना बेहद दुखद है। डीएसपी आनी रविंद्र नेगी ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करके परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।