तकलेच (रामपुर बुशहर)। पुलिस थाना रामपुर के तहत मुनिश के डंडोल नाले में एक बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ा दिया जबकि एक अन्य घायल हो गया है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्जकर हादसे के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार देर शाम की है जब दोनों बाइक सवार मुनिश से रामपुर की ओर आ रहे थे।
इसी बीच गांव के समीप ही बाइक अनियंत्रित होकर डंडोल नाले में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को भी इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही भूपेंद्र डोगरा की अगुवाई में दल मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की।
हादसे में संजय कुमार (22) पुत्र बाबू राम, गांव मुनिश, तहसील रामपुर, जिला शिमला ने मौके पर ही दम तोड़ा जबकि बंटी (30) पुत्र सुंदर सिंह, गांव मुनिश, तहसील रामपुर घायल हो गया है।
पुलिस और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायल युवक को प्राथमिक उपचार के लिए तकलेच अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे खनेरी अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
डीएसपी रामपुरचंद्र शेखर ने कहा कि बाइक हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं हाइसे में एक अन्य युवक घायल हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरु कर दी है।