बॉलीवुड गायिका अर्शप्रीत अरोड़ा, तांत्रा बॉयज सहित अन्य कलाकार भी जमाएंगे रंग
आज से चार दिसंबर तक मनाई जाएगी निरमंड की ऐतिहासिक बूढ़ी दिवाली
प्राचीन संस्कृति से रूबरू होंगे हजारों लोग, प्रशासन ने तैयारियां की पूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
निरमंड (कुल्लू)। जिला कुल्लू में छोटी काशी के नाम से प्रसिद्ध निरमंड की चार दिवसीय ऐतिहासिक और धार्मिक जिला स्तरीय बूढ़ी दिवाली रविवार से चार दिसंबर तक मनाई जाएगी। इसको लेकर निरमंड प्रशासन और मेला आयोजक कमेटी ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
मेला कमेटी अध्यक्ष एवं एसडीएम निरमंड मनमोहन सिंह ने बताया कि भूतेश्वर महादेव, डरोपा देवता के सानिध्य में कोट देवता और शान ऋषि के अलावा इस वर्ष पुजारली की देवी माता सरमासनी मेले में शिरकत करेंगी। एक दिसंबर की रात्रि को प्राचीन संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। मशालें जलाकर प्राचीन समय से चली आ रही संस्कृति का निर्वहन किया जाएगा। दो दिसंबर को बूढ़ी दिवाली का शुभारंभ किया जाएगा, जबकि चार को बूढ़ी दिवाली का समापन होगा।
स्थानीय स्कूली बच्चों के अलावा महिला मंडल प्रस्तुति देंगे। दो से चार दिसंबर तक तीन रात्रि सांस्कृतिक संध्याओं का भी आयोजन होगा, जिसमें नामी व स्थानीय कलाकारों को बुलाया जाएगा। पांच दिसंबर को रेडक्रॉस के तत्वावधान में रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। एक फ्री मेडिकल शिविर का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें जिले भर के विशेषज्ञ चिकित्सक लोगों का नि:शुल्क उपचार करेंगे।
चार दिसंबर को महिला मंडलों और पांच दिसंबर को स्थानीय स्कूली बच्चों के फोक डांस प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रथम और द्वितीय स्थान हासिल करने वाली प्रतिभागी टीमों को पुरस्कृत किया जाएगा।
इसके अलावा दो और तीन दिसंबर को महिला मंडलों की रस्साकशी प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा। दो दिसंबर की रात्रि सांस्कृतिक संध्या में स्टार कलाकार अजय चौहान और अंजू तोमर के अलावा बॉलीवुड गायिका अर्शप्रीत अरोड़ा, पूजा रांटा, डॉनी चौहान धमाल मचाएंगे। तीन दिसंबर को स्टार कलाकार सुरेश शर्मा के अलावा रमेश ठाकुर, टीआर कश्यप, नरेश भारती जलवा बिखेरेंगे। चार दिसंबर की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में इंडियन आइडल फेम अंकुश भारद्वाज के अलावा तांत्रा बॉयज, हेमंत शर्मा, दीपक चौहान और राम सिंह फांकर सहित कई कलाकार धमाल मचाएंगे।
कोट्स
मेला मैदान इस बार पूरी तरह से सीसीटीवी से लैस किया जा रहा है, ताकि आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। क्षेत्रवासी शांति व्यवस्था में सहयोग करें।
-मनमोहन सिंह, मेला कमेटी अध्यक्ष एवं एसडीएम