ठियोग में विधायक कुलदीप सिंह राठौर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक में चर्चा करते हु
ठियोग (रामपुर बुशहर)। पंचायत स्तर पर हो रहे विकासात्मक कार्यों में तेजी और आम जनता को पेश आ रहीं परेशानियों को दूर करें। यह निर्देश विधायक कुलदीप राठौर ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की बैठक में दिए।
बैठक में ग्रामीण सड़कों की बदतर हालत पर चिंता जताई। पंचायत प्रतिनिधियों ने अपनी-अपनी पंचायतों में सरकारी स्कूलों में रिक्त पदों के कारण शिक्षा के गिरते स्तर पर चिंता जताई।
जनप्रतिनिधियों ने पेयजल आपूर्ति के लिए बिछाई गई पाइप लाइनों की जर्जर हालत को सुधारने की मांग रखी। ग्रामीण इलाकों में बिजली के ट्रांसफार्मर न लगने के कारण कम वोल्टेज का मुद्दा भी उठाया।
प्राथमिक चिकित्सा केंद्रों में स्टाफ की कमी के कारण आम जनता को हो रही परेशानी, स्कूलों में विद्यार्थियों के बैठने की जगह न होने, ग्रामीण सड़कों में नालियों की उचित व्यवस्था न होने के कारण टूटी हुई सड़कों को जल्द दुरुस्त करने का मुद्दा उठाया। विधायक कुलदीप राठौर ने अधिकारियों से समस्या के समाधान के उपायों पर चर्चा की।
विधायक ने कहा कि समस्याओं के निपटारे के लिए अतिरिक्त बजट मुहैया करवाने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विधानसभा की सभी पंचायतों का समान विकास करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
पंचायत प्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच समन्वय बना कर विकास का नया रोडमेप बनाने के प्रयास करना महत्वपूर्ण है। इसके लिए इस तरह की बैठकों का आयोजन भविष्य में किया जाएगा। उन्होंने पिछले पांच वर्षों में ठप पड़े विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए सभी को साथ चलने की जरूरत पर बल दिया। संवाद