अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए सरगर्मियां तेज
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। आनी खंड पंचायत समिति के नवनिर्वाचित सदस्यों ने शनिवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। उपमंडलाधिकारी आनी ने पीठासीन अधिकारी के रूप में सभी निर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी विवेक टेसू और पंचायत निरीक्षक जोगेंद्र शर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने शपथ ग्रहण प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने में सहयोग दिया। शपथ ग्रहण के साथ ही पंचायत समिति के गठन की औपचारिक प्रक्रिया पूरी हो गई है। आनी खंड पंचायत समिति में नम्होंग वार्ड से सतपाल, देउठी वार्ड से मणि देवी, लझेरी वार्ड से बुद्धि सिंह राणा, मुहान वार्ड से सरसा देवी, रोपा वार्ड से योगराज, कुठेड वार्ड से मदन लाल, आनी वार्ड से राम सिंह, लगौटी वार्ड से नारकली, कराणा वार्ड से पूनम, डिंगीधार वार्ड से कमला देवी, बुच्छेर वार्ड से बृजमोहन, दलाश वार्ड से देवराज, बखनाओं वार्ड से गंगा देवी, बटाला वार्ड से रीमा देवी और एक अन्य वार्ड से निर्वाचित सदस्य ने शपथ ग्रहण की।
शपथ ग्रहण समारोह के बाद अब पंचायत समिति अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव बारे राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के निर्वाचन के लिए तिथि निर्धारित करने का अधिकार पीठासीन अधिकारी के पास है और जल्द ही चुनाव कार्यक्रम घोषित किए जाने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि इस बार आनी खंड पंचायत समिति का अध्यक्ष पद अनारक्षित है। ऐसे में भाजपा और कांग्रेस, कॉमरेड समर्थित सदस्यों के बीच अध्यक्ष पद को लेकर समीकरण बनने शुरू हो गए हैं।