ठियोग के किसानों से जल्द पंजीकरण करवाने की अपील
लोक मित्र केंद्र में बनेगी किसान आईडी
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। विकास खंड ठियोग के किसानों से सर्दियों में लगाई जाने वाली मटर की फसल का बीज प्राप्त करने और भविष्य में कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ उठाने के लिए फार्मर रजिस्ट्री करवाने की अपील की गई है। कृषि विभाग के अनुसार, किसानों के लिए फार्मर आईडी बनवाना जरूरी है, क्योंकि भविष्य में कृषि संबंधी विभिन्न अनुदानों का लाभ इसी आईडी के माध्यम से दिया जाएगा।
किसानों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते अपनी फार्मर रजिस्ट्री पूरी करवा लें, ताकि कृषि विभाग की योजनाओं और अन्य सुविधाओं का लाभ लेने में किसी तरह की परेशानी न हो। इसके लिए किसान अपने नजदीकी लोक मित्र केंद्र में जाकर पंजीकरण करवा सकते हैं।
फार्मर आईडी बनवाने के लिए किसानों को जमीन का पर्चा, आधार कार्ड और आधार कार्ड से लिंक मोबाइल फोन साथ ले जाना होगा। पंजीकरण प्रक्रिया के दौरान मोबाइल फोन पर आने वाले ओटीपी की आवश्यकता होगी।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे इस प्रक्रिया को गंभीरता से लें और जल्द से जल्द अपनी आईडी बनवा लें। अधिक जानकारी या पंजीकरण में किसी तरह की समस्या आने पर किसान कृषि विभाग ठियोग के अधिकारियों एसएमएस कृषि डॉ. पीएल डोगरा 82199-68867, एडीओ डॉ. रितेश गुप्ता 70188-79747, बीटीएम डॉ. विक्रांत लेखी 70185-69462 से संपर्क कर सकते हैं।