शारदीय नवरात्र के लिए सजा भीमाकाली मंदिर। संवाद
- फोटो : RAMPUR-HP
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। मां काली के शक्तिपीठों में शुमार मां भीमाकाली मंदिर सराहन में शारदीय नवरात्रों की मंदिर न्यास ने पूरी तैयारियां कर ली हैं। नवरात्रों में देश-प्रदेश से हजारों श्रद्धालु माता के दर्शन करने के लिए मंदिर पहुंचेंगे।
मां भीमाकाली मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया है। मां भीमाकाली, भैरव नाथ और भगवान रघुनाथ सहित सभी देवी-देवताओं को नए वस्त्र पहनाए गए हैं। सराहन बाजार के व्यापारी वर्ग में भी खुशी का माहौल है। चुनरी, फल, फूल और प्रसाद विक्रेताओं को नवरात्रों का साल भर इंतजार रहता है। नवरात्र में उनकी अच्छी आमदनी होती है। मां भीमाकाली मंदिर न्यास के कार्यकारी अधिकारी बालक राम नेगी ने बताया कि मंदिर को फूलमालाओं से सजा दिया गया है। मंदिर परिसर में न्यास की ओर से नौ दिन तक भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
मां भीमाकाली मंदिर न्यास के अध्यक्ष एवं एसडीएम रामपुर सुरेंद्र मोहन ने बताया कि न्यास की ओर से नवरात्रों को लेकर तैयारियों पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस, होमगार्ड और न्यास के कर्मी तैनात किए जाएंगे, जो मंदिर के अंदर और बाहर की ट्रैफिक व्यवस्था को भी बनाए रखेंगे।