शैक्षणिक सहयोग, तकनीकी और व्यावहारिक ज्ञान को सुदृढ़ करना उद्देश्य
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। गोविंद बल्लभ पंत मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय रामपुर और महात्मा गांधी राजकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय कोटला ज्यूरी के मध्य एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन हस्ताक्षर किए गए। इस समझौता ज्ञापन पर इंजीनियरिंग महाविद्यालय की ओर से प्रो. अमितेष शर्मा ने निदेशक, इंजीनियरिंग महाविद्यालय के रूप में हस्ताक्षर किए, जबकि राजकीय महाविद्यालय रामपुर की ओर से सहायक प्राध्यापक अर्थशास्त्र डॉ. सतपाल ने प्राचार्य के प्रतिनिधि के रूप में मौजूद रहे।
एमओयू का उद्देश्य दोनों संस्थानों के मध्य शैक्षणिक सहयोग को सुदृढ़ करना, तकनीकी एवं व्यावहारिक ज्ञान का आदान-प्रदान सुनिश्चित करना और विद्यार्थियों के समग्र विकास को प्रोत्साहित करना है। इस समझौते के तहत संयुक्त रूप से प्रशिक्षण कार्यक्रम, औद्योगिक भ्रमण और अनुसंधान गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस पहल से विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी ज्ञान, इंटर्नशिप के अवसर और रोजगारोन्मुखी कौशल अर्जित करने में सहायता मिलेगी। साथ ही दोनों संस्थान नवाचार, स्टार्टअप संस्कृति एवं अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए संयुक्त रूप से कार्य करेंगे। इस समझौते को क्षेत्र में उच्च शिक्षा की गुणवत्ता सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। इस मौके पर प्रो. सुनील शर्मा, प्रो. अंकित शर्मा, प्रो. राजीव गुमरावत मौजूद रहे।