रोजगार, प्रदूषण और घरों में आई दरारों के मुआवजे को लेकर गरजे प्रभावित, नीरथ में समस्याओं को लेकर दिया धरना
विज्ञापन
बोले, जब तक मांगें पूरी नहीं हुई परियोजना का कार्य रहेगा ठप सिंघा बोले, सरकार, प्रशासन और निगम समस्याओं के हल में नाकाम
संवाद न्यूज एजेंसी रामपुर बुशहर। हिमाचल किसान सभा लूहरी हाइड्रो प्रोजेक्ट प्रभावित कमेटी के आह्वान पर शुक्रवार को परियोजना प्रभावित किसानों की लंबित मांगों को लेकर नीरथ के समीप प्रदर्शन किया। प्रभावितों ने परियोजना का कार्य भी बंद किया। जब तक मांगें पूरी नहीं की जाएगी, परियोजना का कार्य बंद रखने का एलान किया है और प्रभावित धरने पर बैठे हैं। प्रदर्शन में सैकड़ों की संख्या में किसानों ने भाग लिया और सरकार, प्रशासन, जल विद्युत निगम के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए हिमाचल किसान सभा राज्य महासचिव राकेश सिंघा, डॉ. ओंकार शाद, लूहरी हाइड्रो प्रोजेक्ट प्रभावित कमेटी के महासचिव देवकी नंद, अध्यक्ष कृष्णा राणा, कपिल ठाकुर और प्रेम चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार, प्रशासन व सतलुज जल विद्युत निगम किसानों की मांगों व समस्याओं के समाधान करने में पूरी तरह से विफल रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को कई बार सतलुज जल विद्युत निगम के समक्ष रखा गया है और हर बार लिखित में समझौते भी हुए हैं, लेकिन सतलुज जल विद्युत निगम व प्रशासन पूरी तरह से इन समझौतों को लागू करने में असफल रहा है, जिस कारण प्रभावित किसानों में गुस्सा है। कहा कि यह परियोजना 2021 में बननी शुरू हुई थी। इस दौरान धूल और ब्लास्टिंग से फसल व मकानों को नुकसान हुआ था, जिसकी भरपाई सतलुज जल विद्युत निगम को करनी थी, लेकिन अभी तक फसल के नुकसान का मुआवजा कई पंचायतों में प्रभावितों को नहीं दिया गया है। जिन परिवारों ने इस परियोजना के निर्माण में अपनी जमीन दी है, उन 120 परिवारों को रोजगार के बदले, जो एक मुश्त राशि मिलनी थी, वो भी आज तक नहीं दी गई है।
विज्ञापन
लूहरी हाइड्रो प्रोजेक्ट प्रभावित कमेटी के महासचिव देवकी नंद ने कहा कि हालांकि इस दौरान प्रशासन और परियोजना प्रबंधन के बीच बैठक भी हुई, लेकिन बेनतीजा रही। इसके बाद फैसला लिया कि जब तक मांगें पूरी नहीं की गई, धरना प्रदर्शन जारी रहेगा और परियोजना का कार्य भी बंद रहेगा।
प्रदर्शन में रणजीत ठाकुर, काकू कश्यप, अशोक, निहाल चंद, हरदयाल, गंगा राम, देवेंद्र, महेंद्र, सरोजना, कृष्ण, ऋषि, जोगिंद्र, वीरेंद्र, सुंदर, रेखा, ममता, कला देवी, रीचा, बविता, कमलेश, सविता, सुनीता और रंजना सहित कई अन्य मौजूद रहे।