रिकांगपिओ बुधवार को उपायुक्त किन्नौर गोपाल चंद मादक द्रव्य निवारण के लिए विभिन्न विभागध्यक्षो?
- फोटो : RAMPUR-HP
रिकांगपिओ (किन्नौर)। किन्नौर जिले में नशे पर अंकुश लगाने के लिए 15 नवंबर से 15 दिसंबर तक विशेष अभियान छेड़ा जाएगा। जिला मुख्यालय, उपमंडल से लेकर पंचायत, स्कूल और महिला मंडल तक लोगों विशेष कर युवाओं को मादक द्रव्यों के सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक किया जाएगा। उपायुक्त किन्नौर गोपाल चंद मादक द्रव्य निवारण के लिए विभिन्न विभाग अध्यक्षों के साथ आयोजित बैठक में बोल रहे थे।
उपायुक्त ने कहा कि एक माह तक चलने वाले इस विशेष अभियान में 15 नवंबर को रिकांगपिओ में प्रभात रैली निकाल कर नशामुक्ति का संदेश दिया जाएगा। रैली में पुलिस, गृहरक्षक के जवान, विभिन्न कार्यालय में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारी और स्कूली बच्चे भाग लेंगे। वहीं इस दौरान सरकारी, निजी स्कूलों और अन्य शिक्षण संस्थाओं में बच्चों को नशा न करने की शपथ दिलाई जाएगी। लोगों को जागरूक करने के लिए खेल गतिविधियों, नुक्कड़ नाटक आदि का भी आयोजन किया होगा। स्कूलों, कॉलेजों में समूह वार्तालाप, नशे से होने वाले नुकसानों पर आधारित भाषण और चित्रकला प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा। स्वास्थ्य एवं आयुर्वेदिक विभाग द्वारा चिकित्सा जांच शिविर भी लगाया जाएगा। इस दौरान स्वास्थ्य, शहरी विकास, सूचना एवं जन संपर्क, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के संयुक्त तत्वाधान में नशे से परिवार एवं समाज बचाओ विषय पर पंचायत व वार्ड स्तर पर परिचर्चाओं का आयोजन होगा। वहीं किसान-बागवानों के सम्मेलन आयोजित कर नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी जाएगी, जिसमें कृषि, बागवानी, वन व सूचना एवं जन संपर्क विभाग अहम भूमिका निभाएंगे। उपायुक्त ने सभी विभागों से इस विशेष अभियान को सफल बनाने के लिए मिल जुल कर कार्य करने निर्देश दिए। इस मौके पर एसपी किन्नौर एसआर राणा, एसडीएम डॉ. अवनिंद्र कुमार, सहायक आयुक्त हर्ष अमरेंद्र सिंह, सहायक आयुक्त आबकारी एवं कराधान सुरेंद्र ठाकुर, जिला कल्याण अधिकारी गिरधारी लाल और परियोजना अधिकारी जयवंती ठाकुर सहित अन्य विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।