ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। रामपुर ब्लॉक के दुर्गम क्षेत्र गानवीं में एक दिवसीय निशुल्क सुपर स्पेशिलिटी मेडिकल शिविर का उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने शुभारंभ किया। शिविर का आयोजन जिला रेडक्रॉस सोसाइटी शिमला और आर्यवर्त एजूकेशनल वेलफेयर एंड चैरिटेबल सोसाइटी कर रही है।
रामपुर ब्लॉक के दुर्गम 15/20 क्षेत्र की सात पंचायतों के लिए आयोजित इस सुपर स्पेशिलिटी शिविर में लोगों ने निशुल्क स्वास्थ्य जांच और निशुल्क दवाइयां प्राप्त की। शिविर में लोगों ने नेत्र रोग, स्त्री रोग, मेडिसिन, हड्डी रोग, बाल रोग, शल्य रोग, कान नाक और गला रोग विशेषज्ञ डॉक्टरों से स्वास्थ्य जांच करवाई। लोगों की सुविधा के लिए शिविर में अल्ट्रासाउंड, लैब टेस्ट और निशुल्क दवाइयों का प्रावधान किया गया था।
शिविर का लाभ लेने वालों में 15/20 क्षेत्र की दुर्गम पंचायत गानवीं, फांचा, जगोरी, लबाना, सदाना, कूट, क्याव और सरपारा पंचायत के लोग शामिल थे। उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने मेडिकल शिविर में आए लोगों को संबोधित किया और दुर्गम क्षेत्र की जनता को सुपर स्पेशिलिटी मेडिकल शिविर के आयोजन के लिए सोसायटी की प्रशंसा की।
उन्होंने ने आर्यवर्त एजूकेशनल वेलफेयर एंड चैरिटेबल सोसाइटी के अध्यक्ष कौल नेगी और सोसाइटी के सभी सदस्यों ने रामपुर ब्लॉक में मेडिकल शिविर, कई रक्तदान शिविर और पर्यावरण सुधार को पौधरोपण जैसे आयोजनों के लिए सराहना की। उपायुक्त ने शिविर में कोरोना वॉरियर्स को भी सम्मानित किया।
इसमें डॉक्टर हेल्थ वर्कर, आशा वर्कर और पंचायत प्रधान और कोरोनाकाल में सहयोग करने वाले सोशल वर्करों को भी सम्मानित किया। बीएमओ रामपुर आरके नेगी ने शिविर की जानकारी दी और रामपुर ब्लॉक में कोरोनाकाल में हुए कार्यों की जानकारी साझा की।
इस दौरान बीडीओ रामपुर केआर कपूर, नायब तहसीलदार सराहन बीएल नेगी, एनटी रामपुर गोपाल मुखिया, एमजीएम खनेरी के एमएस सुनील शर्मा, डॉ. निहाल नेगी, डॉ. सुरभि, डॉ. सीमा, गुड्डू राम, मनोज टोलटा, ललित ठाकुर, बीडीसी लता देवी, प्रधान राजकुमारी, सुशीला खन्ना, किशोरी लाल, मोहन कपाटिया, ललित, उषा, विजय लक्ष्मी, उपप्रधान संजय जिनटू, जगदीश दलीप निलटू, चुनीलाल, हरदयाल, प्रकाश नेगी, शिव सिंह टोलटा, सुरेंद्र सहित कई पंचायत सदस्य महिला मंडलों के प्रधान युवक मंडलों के प्रधानों सहित लोग मौजूद रहे।