रामपुर बुशहर। रामपुर उपमंडल की पीएचसी देवठी में आर्यवर्त एजूकेशनल एंड चैरिटेबल सोसायटी ने निशुल्क चिकित्सा जांच शिविर का आयोजन किया। मल्टी स्पेशलिटी हेल्थ कैंप में देवठी, कूहल, मुनीश, काशापाट, तकलेच और मशनु पंचायत के सैकड़ों लोगों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से अपनी जांच करवाई। शिविर में कोरोना योद्धाओं को भी उनकी बेहतरीन सेवाओं के लिए नवाजा गया।
आर्यवर्त सोसायटी अध्यक्ष कौल नेगी ने शिविर में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे बीएमओ डॉ. आरके नेगी का स्वागत किया। कार्यक्रम में सुरजन नेगी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। शिविर में महिला रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग, सर्जरी रोग और बाल रोग सहित अन्य रोगों से संबंधित चिकित्सकों ने मरीजों का स्वास्थ्य जांचा। शिविर में अल्ट्रासाउंड, खून सहित अन्य जांच निशुल्क की गई।
कौल नेगी ने कहा कि रामपुर के दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने का प्रयास किया जा रहा है। सोसायटी का यह दूसरा निशुल्क चिकित्सा शिविर है। सोसायटी लगातार ऐसे सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। कोरोनाकाल में सोसाइटी के किए सभी सामाजिक कार्यक्रमों की जानकारी लोगों के बीच साझा की गई।
शिविर में कोरोनाकाल में बेहतरीन सेवाएं दे रहे योद्धाओं और पंचायत प्रधानों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही शिविर को सफल बनाने ने योगदान देने वाले मेडिकल स्टाफ को भी नवाजा गया।
सोसायटी ब्लॉक अध्यक्ष रामपुर प्रदीप दड़ेल, मंत्री ओम बगई, 12/20 जोन संयोजक महिंद्र मेहता, बीडीसी सरोजनी ठाकुर, सुभाष, देवठी पंचायत प्रधान संजीव कायथ, उपप्रधान अनिल, कूहल पंचायत प्रधान मीरा खाची, उपप्रधान महेंद्र, मुनिश पंचायत प्रधान भजन दास, डंसा पंचायत प्रधान देशराज, गोपाल धुली, प्रकाश, राकेश, देवराज और अमर देष्टा मौजूद रहे।